यूपी के इस जिले की बीएसए से देर रात तक पूछताछ, पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लिए
शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने 20 फरवरी की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइट नोट और वीडियो में बीएसए दफ्तर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जिला कमेटी और शासन स्तर पर गठित टीम के साथ ही गोरखपुर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने BSA शालिनी श्रीवास्तव से पूछताछ की।

यूपी के देवरिया में तैनात सहायक अध्यापक की खुदकुशी के मामले में जिला कमेटी और शासन स्तर पर गठित टीम के साथ ही गोरखपुर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। गोरखपुर से सोमवार रात बीएसए कार्यालय पहुंची पुलिस ने बीएसए शालिनी श्रीवास्तव से पूछताछ की। इसके बाद बीएसए के दोनों मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज लेकर चली गई। पुलिस फरार लिपिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं मंगलवार को बीएसए दफ्तर में सन्नाटा पसरा रहा।
गौरीबाजार ब्लॉक के कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन विद्यालय में तैनात रहे सहायक अध्यापक कृष्ण मोहन सिंह ने 20 फरवरी की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइट नोट और वीडियो में बीएसए दफ्तर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस मामले में गोरखपुर के गुलरिहा थाने में शिक्षक की पत्नी ने केस दर्ज कराया था। जिला स्तरीय टीम की जांच आख्या पर डीएम दिव्या मित्तल ने बीएसए के निलंबन की संस्तुति शासन को भेज दी है। शासन से आई टीम भी जांच कर लखनऊ रवाना हो गई है। विभागीय सूत्रों की मानें तो शासन स्तर की समिति ने भी अपनी जांच रिपोर्ट मंगलवार की दोपहर बाद शासन को सौंप दी है। वहीं मामले की विवेचना के लिए सोमवार रात में गोरखपुर पुलिस भी बीएसए कार्यालय पहुंची। पुलिस ने बीएसए से देर रात तक पूछताछ की और उनके दोनों मोबाइल अपने साथ लेकर चली गई। बताया जा रहा है पुलिस बीएसए के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालेगी और सभी बिन्दुओं पर बारीकी से जांच करेगी।
जनपदीय जांच समिति ने डीवीआर कब्जे में लिया : जांच के दौरान जनपदीय समिति ने वीडियो रिकार्डिंग भी देखी। जानकारी के अनुसार इसमें शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह बीएसए के सामने हाथ जोड़कर खड़े नजर आ रहे हैं। जनपदीय समिति ने बीएसए कार्यालय में लगे कैमरे का डीवीआर कब्जे में ले लिया है।
अग्रिम जमानत के प्रयास में हैं बीएसए, लिपिक फरार
बताया जा रहा है सोमवार को जांच समिति के सवालों का सामना करने के बाद देर रात बीएसए अपने आवास पर पहुंचीं और मंगलवार की भोर में अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट रवाना हो गईं। वहीं आरोपी लिपिक पहले ही दिन से फरार है। उसके घर पर ताला लटका हुआ है।
बीएसए के खिलाफ कार्रवाई की होती रही चर्चा
बीएसए के निलंबन की सुस्तुति के साथ डीएम द्वारा शासन को रिपोर्ट भेजे जाने के बाद मंगलवार को कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही। कोई इस कार्रवाई को सही बता रहा था, तो कोई इसमें और गहनता से जांच करने की बात कह रहा था। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि अगर इस मामले की और गहनता से जांच की जाए तो कई चेहरे और सामने आ सकते हैं।
जांच टीम के सवालों पर निरुत्तर दिखीं बीएसए
जांच के दौरान गठित कमेटी ने बीएसए से बंद कमरे में सभी बिन्दुओं पर सवाल-जवाब किए। कई सवालों पर बीएसए शालिनी श्रीवास्तव निरुत्तर रहीं। विभागीय सूत्रों की मानें तो जांच समिति द्वारा घटना से संबंधित तीखे सवाल पूछे जाने पर बीएसए का धैर्य जवाब दे गया और वह सिसककर रोने लगीं। इस पर जांच समिति के अधिकारियों ने कुछ देर के लिए सवाल करना बंद कर दिया। जांच समिति के समक्ष सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अनिरुद्ध सिंह और याचिकाकर्ता अपर्णा तिवारी और ओंकार सिंह भी प्रस्तुत हुए। उनके भी बयान दर्ज किए गए।
बीएसए कार्यालय में पसरा रहा सन्नाटा
मंगलवार को बीएसए कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। कार्यालय में सभी पटल के लिपिक व बाबू शांतिपूर्ण तरीके से अपना कार्य निपटाते नजर आए। वहीं कार्यालय में लोगों की आवाजाही अन्य दिनों के सापेक्ष बहुत कम रही। परिसर में भी लोगों की संख्या बेहद कम देखी गई। कार्यालय में कर्मचारी और लिपिक दबे जुबान प्रकरण की चर्चा करते रहे, लेकिन कोई भी कर्मचारी और लिपिक कुछ भी बोलने से परहेज कर रहा था।




साइन इन