भाई ने शादीशुदा प्रेमी की गोली मारकर की हत्या तो बहन ने लगाई फांसी, यूपी में दिलदहलाने वाली घटना
यूपी के मथुरा में दिलदहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक भाई ने बहन के शादीशुदा प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद प्रेमिका बहन ने भी फांसी लगा ली। प्रेमिका बहन को अस्पताल पहुंचा गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है।

यूपी के मथुरा से दिलदहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां नौहझील के एक गांव में मंगलवार को भाई ने अपनी किशोरी बहन के शादीशुदा प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। ये खबर किशोरी को मिली तो उसने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। वहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया है। एसपी देहात ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया और हत्यारोपियों की धरपकड़ को पांच टीमें लगाई गई हैं। आधा दर्जन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थाना नौहझील क्षेत्र के एक गांव निवासी अर्जुन (31) मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने दोस्त सचिन के साथ बाइक से धने वाले की ओर से गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में पथवारी मंदिर के पास भोलू व बॉबी ने उसको रोक लिया और बातचीत करने लगे। इसी दौरान अर्जुन के सीने में गोली मार दी गई। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। हमलावर भाग निकले। घटना की जानकारी पर युवक के घरवाले पहुंचे और गंभीर घायल अर्जुन को नजदीकी हॉस्पिटल ले गये। वहां उसे मृत बताया गया।
उधर युवक की हत्या की जानकारी होने पर उसकी दोस्त किशोरी ने कमरे में गले में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घरवालों ने समय रहते उसे उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया। हालत चिंताजनक होने पर वहां से चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। उसका एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष नौहझील सोनू कुमार ने उच्चाधिकारियों को सूचना दे कर मामले की जानकारी की। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत, सीओ संदीप सिंह ने थाना मांट, सुरीर पुलिस के साथ मौका मुआयना किया। इस दौरान मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच को नमूने इकट्ठा किए। पुलिस ने अर्जुन का शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। थाना प्रभारी सोनू सिंह ने बताया के मृतक के भाई राकेश की तहरीर पर पुलिस ने दो भोलू और बॉबी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक साल पहले हुई थी इंस्टाग्राम पर दोस्ती
पुलिस के अनुसार अर्जुन शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। उसकी गांव की ही नाबालिग से करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। उनकी दोस्ती की गांव में चर्चा होने लगी थी।
हत्या के बाद तमंचा लहराते इंस्टाग्राम पर स्टोरी डाली
युवक की गोली मारने के बाद हत्यारोपियों ने हाथ में तमंचा लहराते हुए अपना फोटो-वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस सर्विलांस की मदद से उन्हें तलाश कर रही है।
अर्जुन के गोली मारते समय पास ही मंदिर पर थी किशोरी
थाना प्रभारी सोनू सिंह ने बताया के जिस समय युवक अर्जुन को गोली मारी गई थी, उस समय उसकी नाबालिग दोस्त पास ही मंदिर पर थी। उसे जब पता लगा कि अर्जुन की उसके भाई द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई तो घर पहुंचकर वह गले में फंदा लगाकर लटक गयी। तभी परिजनों को जानकारी हो गयी और उसे फंदे से उतार लिया।
कैंटर चलाता था अर्जुन, सोमवार को लौटा था
अर्जुन ने अपना खुद का कैंटर खरीद रखा था। वह उसे चलाता था। एक-एक सप्ताह के लिए सामान लेकर बाहर जाता रहता था। लोगों ने बताया कि अर्जुन सोमवार को ही गांव लौटा था। मंगलवार को उसकी हत्या कर दी गई।
एक हफ्ते पूर्व वृंदावन में मिले थे मृतक व हत्यारोपी
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि हत्यारोपी व मृतक दोस्त भी थे। अर्जुन व नाबालिग के प्रेम संबंध की चर्चा गांव के लोगों में होने लगी थी। इसकी जानकारी नाबालिग के भाई को हो गयी थी। उसने अर्जुन को कई बार ऐसा न करने के लिए कहा था तो अर्जुन मेरा कोई मतलब ही नहीं, कहकर पल्ला झाड़ लेता था। कहता था उसे बदनाम किया जा रहा है। आम चर्चा से परेशान नाबालिग के भाई व अन्य साथी ने अर्जुन को एक सप्ताह पूर्व वृंदावन बुलाया था और वहां भी उसे समझाया गया। इस मामले की परिणिति मंगलवार को हत्या के रूप में हुई। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश कर रही है।
पांच टीमें लगाई हत्यारोपियों की तलाश में
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि युवक की हत्या के बाद एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देशन में हत्यारोपियों की तलाश में पांच पुलिस टीमें लगाई गयी हैं। पुलिस टीम हत्यारोपियों की तलाश में संभावित स्थलों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत लेकर पूछताछ कर रही है। हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तार किया जायेगा।
मोबाइल में मिले हैं बातचीत के अहम सुराग
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने युवक की हत्या के मामले में से जानकारी कर पुलिस तलाश कर रही है। अब तक की जानकारी में प्रथम दृष्टया युवक व नाबालिग के मध्य प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा बरामद किए गए मोबाइल में दोनों की बातचीत आदि की रिकॉर्डिंग व अन्य जानकारियां मिली हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।




साइन इन