हरदोई में भाई की पत्नी के हत्यारे जेठ का हाफ एनकाउंटर; पैर में लगी गोली, वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़
हरदोई में जेठ अपने छोटे भाई की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर भाग निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पति-पत्नी के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव कर बहू जेठानी को अपने घर ले आई थी। इससे जेठ नाराज था।

हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र में भाई की पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी राजकुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार देर रात पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सुठेना फाटक की ओर से निकलकर लखनऊ जाने की फिराक में है।
हत्या के आरोपी का हाफ एनकाउंटर
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी राजकुमार के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
13 मार्च शाम की घटना
पुलिस के अनुसार, यह घटना 13 मार्च की शाम को हुई थी। ग्राम प्रतापपुर मजरा टिकरी निवासी 25 वर्षीय मंजू को उसके जेठ राजकुमार पुत्र चेतराम ने पीठ में गोली मार दी थी। परिजन घायल मंजू को सीएचसी कछौना ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद, मंजू के पति रामसेवक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
भाई की पत्नी की हत्याकर भागा था जेठ
प्रतापपुर में शुक्रवार देर शाम जेठ अपने छोटे भाई की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर भाग निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पति-पत्नी के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव कर बहू जेठानी को अपने घर ले आई थी। इससे जेठ नाराज था। कछौना थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर मजरा टिकारी निवासी रामसेवक ने बताया कि उसका बड़ा भाई राजकुमार बालामऊ जंक्शन पर गैंगमैन के पद पर तैनात है। नौ मार्च को रेलवे क्वार्टर में राजकुमार अपनी पत्नी किरन के साथ मारपीट कर रहा था। तभी मेरी पत्नी मंजू बीच-बचाव कर जेठानी किरन को प्रतापपुर स्थित घर ले आई।
खाना बनाते वक्त मारी थी गोली
शुक्रवार को मंजू घर में खाना बना रही थी, जबकि किरन पड़ोस में बैठी थी। तभी पीछे से आए राजकुमार ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगते ही मंजू लहूलुहान होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुन किरन दौड़ कर पहुंची। उसने बताया कि मंजू ने उसे मारपीट से बचाने के लिए अपनी जान दे दी।




साइन इन