ज्वेलर को लूटकर भागे बदमाशों से मुठभेड़, हाफ एनकाउंटर में 50-50 हजार के दो इनामी गिरफ्तार
यूपी के मऊ में आभूषण कारोबारी को लूटकर फरार दो बदमाशों से रविवार की रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए 50-50 हजार के दो इनामिया बदमाशों को पैर में गोली मारने के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

मऊ में ज्वेलर को लूट कर फरार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई है। कोपागंज क्षेत्र के देईथान के पास रविवार की देर रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस टीम पर फायर करके भाग रहे बाइक सवार 50-50 हजार के इनामिया दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोपागंज भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थाना कोपागंज क्षेत्र के टड़ियांव खाद गोदाम के पास 13 जनवरी की रात में आभूषण कारोबारी से बाइक सवार आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने असलहे के बल पर लाखों रुपये के आभूषण लूटे थे। आभूषण लूटकांड मामले में महिला समेत पांच लूटेरों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में दो बदमाश फरार चल रहे थे। इनके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
रविवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देईथान के पास बाइक सवार दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम की घेराबंदी देखकर बदमाश पुलिस पर फायर करते हुए भागते लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा करना शुरु किया और जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर बाइक से नीचे गिर गए।
पुलिस टीम ने घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोपागंज भर्ती कराया, जहां स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गोली से घायल बदमाशों की शिनाख्त रवि कांत उर्फ रवि चौहान निवासी कोईिरयापार और राहुल यादव निवासी नगरीपार थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रूप में की गई है। घायल दोनों बदमाशों के पास से दो तमंचा और खोखा बरामद किया गया है।




साइन इन