अटैची में कपड़े भर लो, रह नहीं पाओगे, इंजीनियर की मौत पर विधायक ने SDO और थानाध्यक्ष को फटकारा
कन्नौज जिले के एक विधायक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक एसडीओ और एसएचओ को धमकाते नजर आ रहे हैं। विधायक कहते दिख रहे हैं कि अटैची में कपड़े भर लो, रह नहीं पाओगे।

Kannauj Video Viral News: सोशल मीडिया पर कन्नौज जिले के एक विधायक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक एसडीओ और एसएचओ को धमकाते नजर आ रहे हैं। विधायक कहते दिख रहे हैं कि अटैची में कपड़े भर लो, रह नहीं पाओगे। दरअसल चंदौआ गांव में करंट लगने से इंजीनियर अखिलेश की मौत हो गई थी। इस मामले में लापरवाही बरतने की जानकारी जब तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत को लगी तो वही गांव पहुंच गए।
परिजनों और ग्रामीणों की बात सुनते ही उन्होंने पहले थानाध्यक्ष को फोन मिलाया और फिर एसडीओ को फोन पर जमकर फटकार लगाई। वीडियो में विधायक मोबाइल पर इंदरगढ़ की थानाध्यक्ष नीलम सिंह और तिर्वा के एसडीओ सतीश चंद्र निषाद से बातचीत करते दिख रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
बुधवार को करंट से इंजीनियर की मौत पर तिर्वा विधायक पीड़ित के गांव पहुंचे थे। शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इसी दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बिजली विभाग की लापरवाही का जिक्र किया था, लेकिन पुलिस ने उसे हटवा दिया। इस शिकायत पर विधायक ने थानाध्यक्ष को फोन कर तहरीर में बदलाव को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गलत मुकदमा दर्ज न किया जाए और लापरवाही का उल्लेख क्यों हटाया गया, इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। मैं अभी इस मामले कप्तान से बात करता हूं। इसके बाद वायरल वीडियो में विधायक एसडीओ से बात करते हुए दिख रहे हैं। विधायक निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने को कहते सुनाई दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने कथित तौर पर चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो अटैची में कपड़े भर लो, तिर्वा में रह नहीं पाओगे।
विधायक की थानाध्यक्ष से बातचीत
क्यों गलत-सलत लिखवाया। लापरवाही शब्द क्यों बताया आपने। मैं अभी कप्तान साहब से बता रहा हूं। पक्की रिपोर्ट लिखी तो नहीं गई है। अभी पक्की एफआईआर तो नहीं हुई। आप अजीब बात कर रहे हैं। लापरवाही शब्द कहां से आया। आपने गलत स्टेप लिया है, इसका मामला बहुत गहरा होगा। आपने लापरवाही बतलाया क्यों? चलिए फिर रहने दी। इसके बाद विधायक फोन काटकर एसडीओ को मिलाते हैं।
एसडीओ से क्या बोले विधायक
आप रह नहीं पाओगे आप तिर्वा में। घातक का क्या मामला बताएं। तुम न रहने के लक्षण वाले काम कर रहे हो। इसको क्लेम कैसे मिलेगा वैसा संशोधन करिए। उधर से एसडीओ कुछ कहते हैं, इस पर विधायक बोलते हैं हां बताइए। तुमने अगर गलती की है तो इसी घटना पर हटा दूंगा। मैं किसी की नहीं मानता। गलत करोगे तो रह नहीं पाओगे, तय कर लो कि तुम्हे क्या करना है। मैंने कहा ये घटना तुम्हारा यहां से भविष्य तय कर रहा है। या तो इसे ठीक करो या फिर अपने कपड़े अटैची में भर लो। मैं किसी कि नहीं मानूंगा बता रहा हूं। तुम्हे क्या करना है तुम देखो। आपने अगर इसको सही नहीं किया तो 24 घंटे में हटा दूंगा। इसके बाद विधायक फोन काट देते हैं।




साइन इन