सज-धज कर बारात का इंतजार करती रही दुल्हन, दूल्हे ने दूसरी लड़की से कर ली कोर्ट मैरिज
रायबरेली के एक गांव में बीते मंगलवार को बारात आनी थी। दुल्हन जोड़े में सजी धजी बेसब्री से मंडप के नीचे दूल्हे के पहुंचने का इंतजार कर रही थी। लेकिन इसी बीच अचानक दुल्हे के घर से फोन आया कि बारात नहीं आ रही है। वर पक्ष से जब संपर्क किया गया तो पता चला कि दूल्ह अन्य लड़की से कोर्ट मैरिज कर चुका है।

यूपी के रायबरेली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सरेनी थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते मंगलवार को बारात आनी थी। दुल्हन जोड़े में सजी धजी बेसब्री से मंडप के नीचे दूल्हे के पहुंचने का इंतजार कर रही थी। लेकिन इसी बीच अचानक दुल्हे के घर से फोन आया कि बारात नहीं आ रही है। यह सुनते ही कन्या पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया और शादी की तैयारियों के बीच सन्नाटा छा गया। बारातियों के स्वागत के लिए तैयार किया गया खाने पीने का सामान बर्बाद हो गया। मामला थाने पहुंचा, लेकिन उसके बावजूद कोई बात नहीं बनी।
सरेनी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक के साथ तय हुई थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। बीते मंगलवार को घर मेहमानों से भरा था और बारात के स्वागत की तैयारियां भी चल रही थी। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी बारात नहीं आई। जब दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष से संपर्क किया तो पता चला कि दूल्हा पहले ही किसी अन्य लड़की से कोर्ट मैरिज कर चुका है। पीड़िता के अनुसार तिलक, बरीक्षा और शादी की तैयारियों में कन्या पक्ष का लगभग दस लाख रुपये खर्च किए जा चुका है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्हें पूरी तरह अंधेरे में रखकर यह रिश्ता तय किया गया। सीओ अमित सिंह ने बताया कि जांच कराए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इटावा में डीजे बजाने को लेकर वर-वधू पक्ष भिड़े
उधर, इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर बारातियों और लड़की पक्ष के बीच हुई मारपीट में दूल्हे के भाई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हाथरस के सिकंदराऊ क्षेत्र से बारात चौबिया थाना क्षेत्र के एक गांव में आई थी। शादी का कार्यक्रम एक गेस्ट हाउस में चल रहा था। देर रात समय अधिक होने पर बारात पक्ष के लोगों ने डीजे बंद कराने को कहा। इस पर लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने डीजे बजाने को लेकर आपत्ति जताई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दूल्हे का भाई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मेहमानों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दूल्हे के भाई की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।




साइन इन