पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर में पीछे से टकराई कार, पांच लोगों की मौत
यूपी के आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े कंटेनर से कार टकरा गई। जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

Azamgarh Accident: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार की शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बिहार के सिवान जिले के निवासी दंपति और उनकी दो बेटियां शामिल हैं, जबकि एक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कार सवार लोग बिहार के सिवान जिले से फरीदाबाद (हरियाणा) जा रहे थे।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर 238.5 के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कंटेनर में फंस गई। पुल के पास हुए हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस, यूपीडा का बचाव दल, सीओ सिटी शुभम तोदी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से कार को कंटेनर से अलग कराया गया।
हादसे में कार सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनीष कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी कंचन श्रीवास्तव तथा बेटियां अदिति और आस्था, निवासी सिवान (बिहार) के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार कार का पंजीकरण मनीष श्रीवास्तव निवासी ब्लॉक-डी, सेक्टर-91, फरीदाबाद (हरियाणा) के नाम पर है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पांचवें मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।




साइन इन