bribe demanded from teacher in exchange for fixing selection pay scale basic accountant arrested red handed while accept चयन वेतनमान लगाने के बदले शिक्षक से मांगी घूस, 5 हजार लेते बेसिक का लेखाकार रंगे हाथ गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

चयन वेतनमान लगाने के बदले शिक्षक से मांगी घूस, 5 हजार लेते बेसिक का लेखाकार रंगे हाथ गिरफ्तार

आरोप है कि लेखाकार ने दो सहायक अध्यापकों से रुपए लेकर वेतनमान लगा दिया था। जबकि प्रिंसिपल का चयन वेतन मान लगाने के लिए 10 हजार और सर्वराज सिंह का वेतनमान लगाने के लिए 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पैसे न देने पर लेखाकार देवीदीन कन्नौजिया दो महीने से टालमटोल कर रहा था।

Tue, 23 Sep 2025 06:57 AMAjay Singh मुरादाबाद, वरिष्ठ संवाददाता
share
चयन वेतनमान लगाने के बदले शिक्षक से मांगी घूस, 5 हजार लेते बेसिक का लेखाकार रंगे हाथ गिरफ्तार

यूपी के मुरादाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में तैनात लेखाकार (लिपिक) देवीदीन कन्नौजिया को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सोमवार दोपहर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी लेखाकार ठाकुरद्वारा निवासी सहायक अध्यापक का चयन वेतन मान लगाने के एवज में रिश्वत ले रहा था।

ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव सहसपुरी निवासी सर्वराज सिंह ठाकुरद्वारा ब्लॉक के गांव भायपुर स्थित आदर्श जनता जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर 2015 से तैनात हैं। दस साल की सेवा पूरी होने पर उसका वेतनमान लगाने का आदेश दिया गया था। जिसके तहत वेतन में 2600 रुपये की वृद्धि होनी थी। सर्वराज ने वेतन मान लगाने के लिए बीएसए कार्यालय में आवेदन किया था। वहां से फाइल को लेखाधिकारी कार्यालय में भेजा गया था, जो लेखाकार देवीदीन कन्नौजिया के पास थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्राइमरी स्कूल में टॉफी दिलाने के बहाने 4 साल की बच्ची से रेप, भीड़ ने थाना घेरा

सर्वराज सिंह के साथ ही उनके स्कूल के प्रिंसिपल और दो अन्य सहायक अध्यापकों का भी वेतनमान लगना था। लेखाकार ने दो सहायक अध्यापकों से पैसे लेकर वेतनमान लगा दिया था। जबकि प्रिंसिपल का चयन वेतन मान लगाने के लिए दस हजार और सर्वराज सिंह का वेतनमान लगाने के लिए पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पैसे न देने पर दो माह से लेखाकार देवीदीन कन्नौजिया टालमटोल कर रहा था। परेशान होकर 11 सितंबर को सर्वराज सिंह ने एंटी करप्शन ब्यूरो की मुरादाबाद टीम से इसकी शिकायत कर दी। सोमवार को टीम ने नागफनी थाना क्षेत्र के डिप्टीगंज में दांग स्कूल परिसर में प्रथम तल पर स्थित बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में जाल बिछाकर लेखाकार देवीदीन कन्नौजिया को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP के इस शहर में प्लॉट चाहने वालों के लिए गुड न्यूज, खाली जमीन बेचेगा प्राधिकरण

टीम ने गिरफ्तारी करने के बाद नागफनी थाने पर पहुंच कर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह की ओर से नागफनी थाने में आरोपी लेखाकार देवीदीन कन्नौजिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया। एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर नवल मारवाह ने बताया कि मंगलवार को आरोपी लेखाकार को बरेली एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।