इस लेवल पर करनी होगी अभेद व्यूह रचना, धर्मपाल ने BJP वर्कर्स को दिया यूपी जीतने का मंत्र
महामंत्री संगठन धर्मपाल ने कहा कि विपक्ष के हर भ्रम, झूठ, फरेब और षड्यंत्र को विफल करते हुए 2027 में अभूतपूर्व विजय की ओर बढ़ना है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की बैठक में कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से अनुशासित कार्यकर्ताओं और समर्पित नागरिकों का निर्माण होता है।

UP Politics: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अवध क्षेत्र के जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों संग बुधवार को एक बैठक की। विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी की नीति के साथ जुटने तथा बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल व जिला स्तर पर अभेद व्यूह रचना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लखनऊ के सर्वोदय नगर स्थित विंध्यवासिनी गेस्ट हाउस में अवध क्षेत्र के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं मंडल प्रशिक्षण प्रमुखों के साथ भी बैठक की।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की पूंजी है, इसलिए हर कार्यकर्ता को उसकी योग्यता और क्षमता के आधार पर दायित्व सुनिश्चित किया जाए। विपक्ष के हर भ्रम, झूठ, फरेब और षड्यंत्र को विफल करते हुए 2027 में अभूतपूर्व विजय की ओर बढ़ना है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की बैठक में कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण के माध्यम से अनुशासित कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्र तथा समाज के लिए समर्पित नागरिकों का निर्माण होता है।
सांसद-विधायकों का रात्रि प्रवास सुनिश्चित हो
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मंडल प्रशिक्षण वर्गों में सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि प्रवास सुनिश्चित होना चाहिए। मंडल प्रशिक्षण वर्गों की तैयारी में औपचारिकता नहीं, बल्कि वैचारिक रूप से सुदृढ़ एवं व्यवहार में अनुशासित, परिश्रमी नेतृत्व तैयार करने का ध्येय होना चाहिए।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत साधना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ ही भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है। यह प्रशिक्षण महाअभियान उसी दर्शन को कार्यकर्ताओं के जीवन में उतारने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा।




साइन इन