मुजफ्फरनगर में रजवाहे की सफाई को लेकर हंगामा, भाकियू पदाधिकारी ने जेई को कीचड़ में घुमाया
मुजफ्फरनगर में मंगलवार को रजवाहे की सफाई के दौरान निकाली गई गंदगी को पटरी पर डालने को लेकर जबरदस्त हंगामा हो गया। गुस्साए स्थानीय लोगों और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी ने सिंचाई विभाग के जेई को जबरन कीचड़ में खींचकर विरोध जताया।

मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड भूड पर रजवाहे की सफाई के दौरान पटरी पर डाली जा रही गंदगी को लेकर लोगों ने हंगामा किया। जेई पर गंभीर आरोप भी लगाए। यूनियन के कार्यकर्ता ने जेई को कीचड़ में खींचकर विरोध जताया। गंदगी ने उठने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
मंगलवार से सिंचाई विभाग द्वारा भूड बस्ती से गुजरने वाले रजवाहे की सफाई का कार्य शुरू किया गया। रजवाहे की सफाई के दौरान निकल रही गंदगी को पटरी पर डाला गया तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि जो गंदगी पटरी पर डाली जा रही है उसको अभी उठाया जाए और दूसरी जगह डाला जाए। लोगों ने प्रकरण के बारे में विभाग के जेई सचिन पाल को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जेई ने कहा कि जब यह कीचड़ सूख जाएगा उसके बाद दूसरी जगह डाला जाएगा। इस बात को लेकर यूनियन के कार्यकर्ता ने जेई और पतरोल अरविंद कुमार को कीचड़ में खींचकर चलाने लगे, और पूछा कि इस पटरी से रोजाना बच्चे स्कूल कैसे जाएंगे।
पतरोल ने भाकियू पदाधिकारी के विरुद्ध कोतवाली में दी तहरीर
मंगलवार को जानसठ रोड भूड बस्ती रजवाहे से निकली जा रही गंदगी में जेई को जबरन कीचड़ खींचने और अभद्रता को लेकर सिंचाई विभाग यूनियन के पदाधिकारी और भारतीय किसान यूनियन से जुड़ा एक पदाधिकारी आमने-सामने आ गए। बुधवार को दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दे दी ।
पिछले कुछ दिनों से रजवाहे की सफाई सिंचाई विभाग की ओर से कराई जा रही है। मंगलवार को सिंचाई विभाग के जेई सचिन पाल और पतरोल अरविंद कुमार रजवाहे की सफाई करा रहे थे। रजवाहे से निकाली जा रही गंदगी पटरी पर डाली जा रही थी। इसका आसपास रहने वाले लोगों ने विरोध किया। इसी बीच मौके पर भारतीय किसान यूनियन का पदाधिकारी अंकुश प्रधान भी मौके पर पहुंच गया। उसने नाराज लोगों की मदद से सफाई रुकवा दी। इसे लेकर सिंचाई विभाग के कर्मचारियों और अंकुश में नोकझोंक हो गई। गंदगी से नाराज लोगों ने जेई और पतरोल को जबरन कीचड़ में खींच लिया और अभद्रता की।
इस घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो सिंचाई विभाग यूनियन के पदाधिकारी भड़क गए। हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बुधवार को यूनियन के पदाधिकारी विनय कुमार, भोज वीर राणा, सचिन पाल, अरविंद कुमार कोतवाली पहुंचे और उन्होंने यूनियन के पदाधिकारी अंकुश प्रधान के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।वहीं दूसरी ओर अंकुश प्रधान ने भी जेई और पतरोल पर ग्रामीणों से अभद्रता और गाली गलौज करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।




साइन इन