भाजपा के दो गुटों में बीच सड़क धांय-धांय, अलीगढ़ गोलीबारी का खौफनाक वीडियो आया सामने
अलीगढ़ में भाजपा नेताओं के दो गुटों में हुए झड़प का खौफनाक वीडियो सामने आया है। बन्नादेवी क्षेत्र में हर्षद हिंदू और शशांक पंडित गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर यह सघर्ष हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद हर्षद हिंदू की हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई है।

Aligarh News: यूपी के अलीगढ़ में भाजपा नेताओं के बीच वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष का खौफनाक वीडियो गुरुवार को वायरल हो गया। बीच सड़क ही दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग होती दिख रही है। लोग इधर उधऱ भागते नजर आ रहे हैं तो गोली से घायल लोग सड़क पर गिरते भी दिख रहे हैं। सरेराह बाजार में हो रही गोलीबारी से अफराफरी मची है। इस गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए थे। पुलिस अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। बताया जाता है कि 23 सेकेंड में 12 राउंड गोलियां चलीं। घटना का वीडियो सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर पोस्ट किया और भाजपा पर निशाना साधा।
दो गुटों में लंबे समय से चली आ रही टशनबाजी पिछले गुरुवार की रात यानी 12 मार्च को बड़ा रूप ले लिया था। इसमें पहले एक गुट ने दूसरे गुट के युवक को पीट दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। जिन तीन लोगों को गोली लगी उसमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। इस दौरान पथराव भी किया गया। वीडियो सामने आने के बाद भाजयुमो नेता हर्षद हिंदू की हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई है।
हर्षद हिंदू और शशांक पंडित गुटों के बीच झड़प
पुलिस के अनुसार यह विवाद बन्नादेवी क्षेत्र के सराय हकीम निवासी हर्षद हिंदू व सासनीगेट क्षेत्र के रहने वाले शशांक पंडित के गुटों के बीच हुआ था। कई माह से दोनों के बीच किसी न किसी बात पर वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। बुधवार को हर्षद ने सोशल मीडिया पर एक गाने का स्टेटस लगाया था। इस पर दूसरे गुट के मोहित शर्मा ने ये कहते हुए आपत्ति जताई कि स्टेटस उसके लिए लगाया गया है। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई।
मोहित ने हर्षद से फोन पर गालीगलौज कर दी। इसे लेकर हर्षद व उसके साथियों ने मोहित की तलाश शुरू कर दी। अन्य साथियों ने हस्तक्षेप किया तो मोहित माफी मांगने पर राजी हो गया। लेकिन, हर्षद गुट ने उसे सामने आकर बात करने के लिए बुलाया। वहां मोहित ने माफी मांगी। लेकिन, हर्षद गुट के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसकी जानकारी शशांक गुट को हुई तो कुछ ही देर बाद वह अपने कई साथियों को लेकर सराय हकीम में पुलिया के पास पहुंच गए। वहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
पहले शशांक गुट की ओर से फायरिंग की गई। बाद में दूसरे पक्ष ने भी गोलियां चलाईं। इसमें हर्षद गुट के शानू, शशांक गुट के आयुष शर्मा के अलावा सिविल लाइन क्षेत्र निवासी शोएब को गोली लग गई। फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहल गया। कोई कुछ समझ नहीं पाया। सूचना पर बन्नादेवी, गांधीपार्क, देहलीगेट थाने का पुलिस बल बुलाया गया। एसएसपी नीरज जादौन, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, सीओ द्वितीय धनंजय सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस का एक्शन शुरू हुआ और गिरफ्तारी का दौर अब भी चल रहा है। इस बीच एक हफ्ते बाद घटना का वीडियो सामने आया और वायरल हो रहा है।
मची भगदड़, दुकानदार दुकान बंद कर भागे
प्रत्यक्षदशियों के अनुसार दोनों गुटों में 40 से अधिक युवक शामिल थे। सरेराह बाजार में हुई घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई। कोई कुछ समझ नहीं पाया। दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करके जान बचाते हुए भागे। कुछ देर बाद ही पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
राहगीर को गोली लगना बताया, निकला हिस्ट्रीशीटर
शानू को सीने के पास, आयुष को पैर व शोएब के पेट में गोली लगी। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस पूछताछ में घायलों व उनके साथ आए लोगों ने पुलिस को किसी भी तरह जानकारी होने से इन्कार कर दिया। वहीं, बताया जा रहा है कि शोएब राहगीर है, जो वहां से गुजर रहा था। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार शोएब सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
युवा अध्यक्ष बनने के लिए वर्चस्व की लड़ाई
इस विवाद के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के साथ वर्चस्व कायम करने की भी लड़ाई भी सामने आ रही है। हर्षद व शशांक अपने अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं। दोनों युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनने की दौड़ में भी शामिल हैं। मोहित पूर्व में हर्षद गुट में था। बाद में शशांक गुट में शामिल हो गया। सूत्रों के अनुसार गुट में शामिल लोग कुछ अवैध कार्यों व चौथ वसूली में भी शामिल हैं, जिसे लेकर अक्सर टशनबाजी होती रहती है। बात थाने तक पहुंचती है तो राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद विवाद का निपटारा करा दिया जाता है। इसी लड़ाई में दोनों के बीच धीरे-धीरे रंजिश पनपती गई।
भाजयुमो नेता हर्षद हिन्दू हिस्ट्रीशीटर घोषित
अलीगढ़। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भाजयुमो नेता हर्षद हिन्दू की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। ऐसे में अब तक जेल भेजे गए कुल 13 अपराधियों में से तीन ऐसे हैं जो हिस्ट्रीशीटर हो गए हैं। इस प्रकरण में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट डालकर भाजपा पर तंज कसा। इसके बाद गुरुवार देररात पुलिस की ओर से अब तक की कार्रवाई के संबंध में जानकारी साझा की गई। इसमें बताया गया कि 13 लोग जेल जा चुके हैं, जिन पर कुल 51 मुकदमे दर्ज हैं। इसमें सबसे अधिक 10 मुकदमे भाजयुमो के महानगर मंत्री हर्षद हिन्दू पर दर्ज हैं। इसी आधार पर पुलिस ने हर्षद के खिलाफ हिस्ट्रीशीटर खोलने की कार्रवाई की है। वहीं, भाजयुमो के महानगर मंत्री शशांक पंडित व शोएब अहमद पूर्व से ही हिस्ट्रीशीटर हैं।




साइन इन