कमरे पर आओ तो दर्ज होगी FIR, रेप पीड़िता से पुलिस वाले ने की शर्मनाक डिमांड, SSP का तत्काल ऐक्शन
अलीगढ़ के क्वार्सी थाने में न्याय की गुहार लगाने पहुंची एक दुष्कर्म पीड़िता से मुख्य आरक्षी ने एफआईआर दर्ज करने के बदले शारीरिक संबंध बनाने की शर्मनाक डिमांड कर दी। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया है।

Aligarh News: यूपी की योगी सरकार लगातार बेटियों और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने की कोशिश में जुटी है। गुरुवार से ही 'मिशन शक्ति' के छठवें चरण की शुरुआत की गई है। डीजीपी भी पुलिस वालों को लगातार नसीहतें दे रहे हैं। इसके बाद भी हालात नहीं सुधर रहे। खाकी एकबार फिर कलंकित हो गई है। अलीगढ़ में क्वार्सी थाने में एफआईआर लिखाने पहुंची दुष्कर्म पीड़ित महिला से मुख्य आरक्षी ने अजीबो गरीब शर्त रख दी। सिपाही ने कहा मेरे कमरे पर आकर शारीरिक संबंध बनाने होंगे। व्हाट्सएप कॉल पर महिला से अश्लील बातें की। विरोध करने पर महिला को उल्टा जेल भेजने की धमकी दे डाली। जांच में दोषी पाए जाने पर एसएसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है। क्वार्सी थाने में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी महिला से एक युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। अब वह मुकर गया। विरोध करने पर मारपीट कर अभद्रता कर दी। इस पर पीड़िता नगला पटवारी चौकी में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहंुच गई। वहां पर तैनात मुख्य आरक्षी इमरान खान ने महिला का प्रार्थना पत्र ले लिया। पूरी बात सुनकर कहा दूसरे पक्ष को बुलाकर बातचीत करेगा।
महिला से घर जाकर व्हाट्सएप कॉल करने के लिए कहा। महिला के कॉल करने पर सिपाही इमरान खान ने कहा तुम्हें मेरे कमरे पर आकर शारीरिक संबंध बनाने होंगे। तभी एफआईआर लिखूंगा। अपना फोटो भेज दे। ईद के कपड़े भी दिला दूंगा। आरोपी को भी जेल भिजवा दूंगा। अगर किसी को बताया तो उल्टा तुम्हें जेल भेज दूंगा। इसी तरह सिपाही बार-बार महिला पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता रहा। महिला ने विरोध किया तो धमकी दे डाली।
तनाव में आने पर पीड़िता ने एसएसपी नीरज जादौन को पूरा वाकया बताया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए गए। इस पर एसएसपी ने मुख्य आरक्षी इमरान खान को निलंबित कर दिया। साथ ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी इमरान खान मूलरूप से मुजफ्फर नगर का निवासी है।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की थी शिकायत
पीड़िता ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की शिकायत पर थाना स्तर से कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल व आईजीआरएस पर भी शिकायत की थी। तब भी निस्तारण नहीं हो सका।यूं तो यह नगला पटवारी पुलिस चौका का पहला मामला नहीं हैं। अक्सर पुलिस चौकी पर तैनात दरोगाओं व पुलिस कर्मियों के किस्से चर्चाओं में रहे हैं।




साइन इन