BJP Pankaj Chaudhary gave new name to Akhilesh Yadav PDA on beating of woman leader पीड़ा, दमन और अपमान... महिला नेता की पिटाई पर पंकज चौधरी ने अखिलेश के नारे को नया नाम दिया, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पीड़ा, दमन और अपमान... महिला नेता की पिटाई पर पंकज चौधरी ने अखिलेश के नारे को नया नाम दिया

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने चंदौली में सपा महिला नेता गार्गी पटेल से मारपीट मामले पर सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए अब “पीड़ा, दमन और अपमान” बन गया है और महिला सम्मान सिर्फ पोस्टरों तक सीमित है।

Fri, 29 May 2026 11:52 AMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
पीड़ा, दमन और अपमान... महिला नेता की पिटाई पर पंकज चौधरी ने अखिलेश के नारे को नया नाम दिया

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पीडीए को लेकर सपा पर हमला बोला है। चौधरी ने कहा कि सपा के पीडीए का नया संस्करण है पीड़ा, दमन और अपमान है। उन्होंने कहा चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष के साथ सपा नेताओं द्वारा उनके ही घर में मारपीट की गई। जिस पार्टी के मंचों से महिला सम्मान, सामाजिक न्याय और अधिकारों की लंबी-लंबी बातें होती हैं, उसी पार्टी की एक महिला पदाधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार यह दर्शाता है कि यह महज खोखली बातें है। वाह री राजनीति! मंच पर महिला सम्मान की बातें और हकीकत में अपनी ही पार्टी की महिला पदाधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार।

उन्होने कहा कि लगता है सपा में 'बातों के बताशे' कुछ ज्यादा ही फोड़े जाते हैं। यही है इनके PDA का नया संस्करण 'पीड़ा, दमन और अपमान।' यह साफ है कि सपाइयों के महिला सम्मान का मॉडल सिर्फ पोस्टरों तक सीमित है। प्रदेश कि महिलाएं सपा के इस चाल, चरित्र और चेहरे से भलिभांति परिचित हैं।

वहीं इस मामले पर बीजेपी की सहयोगी सुभासपा के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी तंज कसा है। उन्होने कहा गया कि समाजवादी पार्टी में पिछड़ा वर्ग, कुर्मी और प्रजापति समाज सुरक्षित नहीं है। साथ ही पार्टी पर “यादववादी राजनीति” करने और गैर-यादव पिछड़ों व दलितों की अनदेखी करने के आरोप भी लगाए गए। महाभारत के द्रौपदी चीरहरण प्रसंग का जिक्र करते हुए सपा नेतृत्व की तुलना “मौन दर्शकों” से की गई। बयान में कहा गया कि जो पार्टी महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसे सामाजिक न्याय की बात करने का अधिकार नहीं है। हालांकि, इस मामले में समाजवादी पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उन्हें मिर्ची लगे तो मैं क्या करूं, ब्रजेश पाठक का अखिलेश पर 'तस्वीर वाला' तंज
ये भी पढ़ें:‘सपा में गैर यादवों की औकात सिर्फ झंडा-झोला ढोने तक’; अखिलेश पर क्यों बरसे राजभर

आपको बता दें चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर हुए हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। वायरल फुटेज में कुछ लोग गार्गी पटेल को बाल पकड़कर घसीटते और बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला पर भी हमला किया गया, जिसके बाद वह जान बचाकर वहां से भागती नजर आई। आरोप है कि हमलावरों ने गार्गी पटेल के सिर पर टेबल तक दे मारी। घटना मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर चौकी अंतर्गत मढ़िया गांव की है। गार्गी पटेल समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष हैं।

उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाराणसी के सूजाबाद निवासी प्यारे मामा के साथ पिछले 15 वर्षों से जमीन के कारोबार से जुड़ी हैं। इसी कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था। गार्गी पटेल का आरोप है कि गुरुवार सुबह कुछ लोग उनके घर में घुस आए और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सपा की महिला जिलाध्यक्ष पर घर में घुसकर हमला, लात-घूसों और लोहे की रॉड से पीटा

घटना के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और तहरीर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है और विपक्षी दल कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।