जितना कमाए हो, एक बार में घुस जाएगा; भाजपा विधायक ने फूड इंस्पेक्टर को सुनाई खरी-खोटी
भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने एक फूड इंस्पेक्टर को खूब खरी खोटी सुनाई है। उन्होंने कहा कि तुम लोग तो बिल्कुल सरकार की ऐसी-तैसी करने में लगे हो। विजिलेंस जांच करा दूंगा, जितना कमाए हो एकबार में घुस जाएगा। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

UP News: यूपी के कानपुर के बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने एक फूड इंस्पेक्टर को खूब खरी खोटी सुनाई है। उन्होंने कहा कि तुम लोग तो बिल्कुल सरकार की ऐसी-तैसी करने में लगे हो, लूटे हो क्षेत्र को। विजिलेंस जांच करा दूंगा, जितना कमाए हो एकबार में घुस जाएगा। भाजपा विधायक के इस चेतावनी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है
दरअसल, शनिवार को विधायक सांगा भीतरगांव क्षेत्र में सड़कों के शिलान्यास के कार्यक्रम के बाद दिवंगत लोगों के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। भीतरगांव में दुकानदारों ने विधायक को रोककर बताया कि फूड इंस्पेक्टर मनोज द्विवेदी नाम के व्यक्ति से हर महीने उगाही कराता है। दुकानदारों की यह शिकायत सुनकर विधायक भड़क गए। उनके पीआरओ ने फूड इंस्पेक्टर को फोन किया। फोन उठते ही विधायक ने खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी।
विधायक ने कहा, 'तुम लोग तो सरकार की बिल्कुल ऐसी-तैसी करने में लगे हो। पूरे क्षेत्र को लूटा है। वहां दुकानदारों से पैसे वसूले जा रहे हैं। क्या पूरा गांव झूठ बोल रहा है और सिर्फ तुम ही सच बोल रहे हो? यह मनोज त्रिवेदी कौन है, जिसके माध्यम से यहां सारे काम चल रहे हैं? मैं आपकी लिखित शिकायत मुख्यमंत्री को दूंगा। जो बोया है, अब उसे काटो। विजिलेंस जांच कराऊंगा। जितना कमाया होगा, सब एक बार में निकल जाएगा। अपने अंदर सुधार लाओ। अगर दोबारा मेरे क्षेत्र में या कहीं और ऐसी शिकायत मिली, तो याद रखना, मुझसे बुरा कोई नहीं होगा। आखिरी बार चेतावनी दे रहा हूं, इसे याद रखना।'
वहीं, कार्यवाहक सहायक आयुक्त द्वितीय धर्मेंद्र द्विवेदी ने इसे लेकर कहा कि भीतरगांव में जांच के दौरान पहले भी कई लोग विरोध कर चुके हैं। जिस मनोज का नाम आ रहा है, उसका विभाग से कोई लेना देना नहीं है। फूड सेफ्टी आफिसर घाटमपुर नरेंद्र शर्मा के पास विधायक का फोन आया था। बिठूर विधायक से मिलकर हर स्थिति को वह समझेंगे।
सांगा ने तीन सड़कों का किया शिलान्यास
इससे पहले बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने शुक्रवार को बिधनू ब्लॉक क्षेत्र में तीन सड़कों का शिलान्यास किया और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने खड़ेसर से छत्तपुरवा तक 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क और खड़ेसर से ज्यावलपुरवा तक करीब 25 लाख रुपये की लागत वाली सड़क का शिलान्यास किया। इसके अलावा खेरसा में साधन सहकारी समिति से जयसिंहपुर पुलिया तक 45 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड की आधारशिला भी रखी।




साइन इन