शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से भाजपा नेता की मौत, दूल्हे का जीजा गिरफ्तार
सहारनपुर में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंगके दौरान गोली लगने से एक भाजपा नेता की मौत हो गई। फायरिंग से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने दूल्हे के जीजा को गिरफ्तार कर लिया।

यूपी के सहारनपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कोतवाली मंडी क्षेत्र के रामलीला भवन में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से भाजपा के मानकमऊ मंडल के महामंत्री शिवचरण रोहिला की मौत हो गई। फायरिंग से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। एसएसपी और एसपी सिटी सहित कोतवाली मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी दूल्हे का जीजा है, जिसके पास से लाइसेंसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के नवादा रोड स्थित कमल विहार के रहने वाले शिवचरण रोहिला गुरुवार रात कोतवाली मंडी क्षेत्र निवासी नवीन उपाध्याय के बेटे की शादी में शामिल होने आए थे। शादी गऊशला रोड स्थित रामलीला भवन में थी। नवीन उपाध्याय का दामाद रोहित उपाध्याय देर रात करीब साढ़े 12 बजे डीजे पर नाच रहा था। बताया जाता है कि रोहित पिस्टल लेकर डांस कर रहा था। इसी दौरान उसने हर्ष फायरिंग कर दी। एक गोली पास में खड़े शिवचरण रोहिला की छाती में जा लगी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। इससे शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। परिजन व अन्य लोग घायल शिवचरण को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मृत घोषित कर दिया।
दूल्हे के जीजा को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही अभिनंदन सिंह (एसएसपी), व्योम बिंदल (एसपी सिटी) और मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक शिवचरण रोहिला के बेटे हर्षित रोहिला की तहरीर के आधार पर आरोपी रोहित उपाध्याय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को बाबा लालदास मंदिर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से शिवचरण रोहिला की मौत हुई। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी हर सच्चाई सामने लाई जा सके।




साइन इन