भाजपा मेरी दुश्मन नहीं, अन्य पार्टियां भी मित्र नहीं; शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और क्या बोले?
यूपी के हरदोई पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि भाजपा उनकी दुश्मन नहीं है, लेकिन अन्य राजनीतिक दल भी उनके मित्र नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जो भी गौ माता राष्ट्रमाता घोषित करने की बात करेगा वे उसी का समर्थन करेंगे।

UP News: ज्योर्तिमठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोमवार को हरदोई जिले के माधवगंज कस्बे में हाईवे किनारे आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा उनकी दुश्मन नहीं है, लेकिन अन्य राजनीतिक दल भी उनके मित्र नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी गौ माता की रक्षा और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने की बात करेगा वे उसी का समर्थन करेंगे।
जनसभा में पहुंचने पर उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। श्रृद्धालुओं ने उनका पूजन अर्चन किया। संबोधन के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि उनका अभियान गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के लिए है। इसके लिए वे सीधे मतदाताओं के बीच जाकर जनसमर्थन जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी सरकार ने गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने का कदम नहीं उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्षों में लगभग 20 लाख गायें गायब हो चुकी हैं। देश में अब तक करीब 16 करोड़ मवेशियों की हत्या हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए कि गायें आखिर कहां जा रही हैं।
शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ा एक विवाद भी उठाया और कहा कि उन्होंने अपने शंकराचार्य होने के प्रमाण सरकार को दे दिए हैं। उन्होंने गौशालाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि कई स्थानों पर गायें भूखी-प्यासी तड़प रही हैं।
किसी की मां पर टिप्पणी करना गलत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता को लेकर एक मौलाना द्वारा की गई टिप्पणी पर शंकराचार्य ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय को किसी की मां के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की मां भी हमारी और आप सबकी मां के समान हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि भविष्य में वही सरकार चुनें जो गौ माता की रक्षा और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने का संकल्प ले।




साइन इन