बुर्के में जेवर कारोबारी को लूटने का 48 घंटे में खुलासा, पिस्टल देखकर पुलिस भी हैरान
अयोध्या के रुदौली में बुर्का पहनकर सराफा कारोबारी से हुई लूट का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। युवती के साथ उसका एक प्रेमी भी पकड़ा गया है। जिस पिस्टल को दिखाकर वारदात को अंजाम दिया गया था, उसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई है।

अयोध्या में बुर्का पहनकर सराफा कारोबारी से हुई लूट का खुलासा पुलिस ने 48 घंटे के अंदर कर दिया है। युवती के साथ उसका प्रेमी भी पकड़ा गया है। इसी प्रेमी की बाइक पर बैठकर वारदात को अंजाम देने के बाद युवती भागी थी। जिस पिस्टल को दिखाकर लूट को अंजाम दिया गया था, उसे देखकर तो पुलिस हैरान रह गई है। पिस्टल देख पुलिस वाले भी मान रहे हैं कि युवती ने गजब दुस्साहस किया है। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के कोठी मोहल्ला स्थित बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े युवती ने लूट को अंजाम दिया था और फरार हो गई थी।
वारदात बुधवार दोपहर की है, जब रूदौली नगर के कोठी मोहल्ला स्थित 'महेश ज्वेलर्स' पर ग्राहकों की सामान्य आवाजाही चल रही थी। तभी बुर्का पहने एक युवती बुर्का पहने दुकान में दाखिल हुई। उसने दुकानदार महेश से जेवर दिखाने के लिए कहा। दुकानदार जब जेवर दिखाने में व्यस्त था, तभी महिला ने अचानक एक तमंचा (पिस्तौल) निकालकर उस पर तान दिया।
असलहा तानते ही दुकानदार महेश भय के साये में आ गया। बुर्कापोश युवती ने काउंटर पर रखे सोने के हार और चेन (लगभग 26 ग्राम सोने के जेवरात) समेट लिए और असलहा लहराते हुए फरार हो गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज लूट की घटना से पूरे सराफा बाजार में दहशत फैल गई।
प्रेमी के साथ रची थी 'शातिराना' साजिश
रुदौली इंस्पेक्टर संजय मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार की गई लड़की बाबा बाजार की रहने वाली पायल है। उसने अपनी पहचान पूरी तरह छुपाने के लिए ही नकाब और बुर्के का सहारा लिया था। खास बात यह है कि इस पूरी साजिश के पीछे रुदौली का ही एक युवक था, जो पायल का प्रेमी बताया जा रहा है। दोनों ने मिलकर बेहद शातिराना ढंग से इस लूट की योजना बनाई थी और पायल ने उसे अंजाम दिया।
पुलिस की सक्रियता और गिरफ्तारी
वारदात के तुरंत बाद, व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की थी। दुकानदारों का कहना था कि दिनदहाड़े सराफा बाजार में ऐसी घटना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े करती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, रुदौली पुलिस ने तुरंत टीम गठित की। ज्वेलरी शॉप और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने महिला के हुलिए और भागने के रास्ते के आधार पर सुरागरसी तेज की। गुरुवार देर रात पुलिस को सफलता मिली और उन्होंने महिला पायल की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके सहयोगी प्रेमी को भी हिरासत में ले लिया। शुक्रवार सुबह दोनों से कड़ी पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।




साइन इन