फर्जी सर्टिफिकेट पर नौकरी करते पाए जाने पर यूपी में बड़ा ऐक्शन, 22 शिक्षक बर्खास्त; FIR का आदेश
आजमगढ़ मंडल में 2016 में नियुक्ति पाए 22 सहायक अध्यापकों को बर्खास्त कर दिया गया है। इसके साथ ही इन सभी से वेतन-भत्तों की वसूली भी की जाएगी। इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिए गए हैं। वर्तमान में ये सभी शिक्षक विभिन्न जिलों के अलग-अलग स्कूलों में तैनात हैं।

Fake Certificate Case: फर्जी अंकपत्र, प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करते पाए जाने पर यूपी में बड़ा ऐक्शन हुआ है। आजमगढ़ मंडल में 2016 में नियुक्ति पाए 22 सहायक अध्यापकों को बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही इन सभी से वेतन-भत्तों की वसूली करने के साथ सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिए गए हैं। वर्तमान में ये सभी शिक्षक विभिन्न जिलों के अलग-अलग स्कूलों में तैनात हैं। लिहाजा सभी के विरुद्ध उनकी तैनाती वाले जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. महेन्द्र देव ने शिक्षकों की बर्खास्तगी और उनसे वेतन की वसूली और मुकदमा दर्ज करने संबंधी आदेश जारी कर दिया। आदेश में कहा गया है कि 21 अप्रैल 2014 को निकले विज्ञापन के आधार पर 2016 में आजमगढ़ मण्डल में सहायक अध्यापक (पुरुष-महिला) के रिक्त पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक एवं प्रशिक्षण अर्हता के आधार पर तैयार गुणांक के मेरिट के आधार पर किया गया था।
काउन्सिलिंग द्वारा रिक्त पदों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन तथा जांच विभाग द्वारा गहनता पूर्वक की गई, जिसमें 22 अभ्यर्थियों के अंकपत्र, प्रमाणपत्र कूटरचित एवं फर्जी पाए गए। लिहाजा कूटरचित एवं फर्जी अंकपत्र, प्रमाणपत्र के आधार पर नियुक्ति पाये सभी अभ्यर्थियों की सेवाएं समाप्त कर उनको अनियमित रूप से किए गए वेतन भुगतान की वसूली (रिकवरी) कराने एवं उनके विरुद्ध एफआईएआर दर्ज कराने के लिए संबंधित जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा निदेशक बोले
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. महेन्द्र देव ने बताया कि पहले मेरिट के आधार पर नियुक्ति होती थी। बर्खास्त किए गए ज्यादातर अभ्यर्थियों के फर्जी अंक पत्र एवं प्रमाणपत्र सम्पूर्णा नन्द विश्वविद्याय एवं मोनार्ड विश्वविद्यालय के पाए गए हैं।
इन सहायक शिक्षकों को किया गया है बर्खास्त
मऊ में तैनात विनय कुमार यादव, बाराबंकी में तैनात पवन कुमार, अतुल प्रकाश वर्मा, प्रियंका, अंकित वर्मा, आनन्द सोनी, सलोनी अरोरा और लक्ष्मी देवी, मऊ के विवेक सिंह, लखनऊ के राज रजत वर्मा, लखनऊ की रोहिणी शर्मा, बुलंदशहर के अमित गिरि, सहारनपुर की रूचि सिंघल, कानपुर देहात की नूतन सिंह, मिर्जापुर की दीपा सिंह, मऊ की अनीता रानी, आजमगढ़ की प्रीति सिंह, जौनपुर की नन्दिनी, आजमगढ़ की गीता, बलिया की किरन मौर्या, आमजगढ़ के रूमन विश्वकर्मा तथा बलिया की सरिता मौर्या शामिल हैं।




साइन इन