भजन करने के लिए थोड़े बैठे हैं, मठ काफी है, विधानसभा में गरजे योगी; इस श्लोक से दिया संदेश
सीएम योगी ने कहा कि जब भी कोई हेकड़ी दिखाता है तो उसकी हेकड़ी को ठीक करने का काम भी सरकार का होना चाहिए। सज्जन को सुरक्षा लेकिन दुर्जन को ठिकाना लगाने का काम... परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्…इसी के लिए बैठे हैं, भजन करने के लिए थोड़े बैठे हैं, भजन करना है तो हमारे पास मठ पर्याप्त है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ सदन में जमकर गरजे। उन्होंने कहा कि जब भी कोई हेकड़ी दिखाता है तो उसकी हेकड़ी को ठीक करने का काम भी सरकार का होना चाहिए। यही हमारे पद की शपथ भी है। सज्जन को सुरक्षा लेकिन दुर्जन को ठिकाना लगाने का काम... परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्...यही तो है और इसी के लिए बैठे हैं, भजन करने के लिए थोड़े बैठे हैं, भजन करना है तो हमारे पास मठ पर्याप्त है।
इसके पहले सदन में पक्ष और प्रतिपक्ष में जमकर तकरार हुई थी। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने यह सवाल उठाया था कि शिक्षा सेवा चयन आयोग का अध्यक्ष, भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी और यूपी के पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को क्यों बनाया गया है? अपने संबोधन में सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष का जवाब दिया और विपक्ष पर तीखे वार किए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की सरलता और सहजता की तारीफ भी की लेकिन शिवपाल सिंह यादव को सपा शासन के दौरान हुई भर्तियों में गड़बड़ी का मास्टर बताकर घेरने से नहीं चूके। सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी का नौजवान नौकरी पा रहा है। हमने भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और इसीलिए शिक्षा आयोग में भी यूपी के रिटायर्ड डीजीपी को बिठाया है कि जैसे माफिया की कमर तोड़ी गई है वैसे ही नकल माफिया की कमर भी तोड़नी है। सीएम योगी ने कहा कि नकल माफिया की आदत तो आप लोगों ने खराब की थी लेकिन उसकी आदत को सुधारने का काम सरकार करेगी।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए हमने उस तंत्र को विकसित किया है। प्रदेश में जैसे माफिया की कमर तोड़ी गई है, वैसे ही नकल माफिया की भी कमर तोड़नी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले भर्ती के लिए काबलियत को प्राथमिकता नहीं दी जाती थी। शिवपाल जी तो इसमें मास्टर हैं। इसमें इनकी पीएचडी है। सीएम योगी ने चेताया कि यदि यूपी में कोई आबादी की जमीन पर या किसी सरकारी जमीन पर कब्जा करेगा। कोई माफिया उस पर मॉल बनाकर, या वसूली का अड्डा बनाकर उसके जरिए से अनैतिक, अवैध गतिविधियों का संचालन करके कोई छांगुर जैसा व्यक्ति वहां अनैतिक गतिविधियां चलाएगा तो बुलडोजर भी चलेगा। उसे कोई रोक नहीं सकता। सीएम योगी ने कहा कि हमने किसी भी योजना में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया है। उन्होंने कहा कि समाज को सबसे पहले सुरक्षा चाहिए। कानून का राज चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि सब सरकार की इच्छाशक्ति पर होता है। आप बातें बड़ी बड़ी करते हैं। यह सपा का अहंकार है। अहंकार होता है तो लोग कहते हैं कि मैंने ऐसा कर दिया। इसीलिए सपा को कोई सम्मान नहीं देता। अब सरकार काम कर रही है और सम्मान उत्तर प्रदेश की जनता को मिल रहा है। आज दुनिया कहती है कि यूपी अच्छा कर रही है।




साइन इन