तू इधर-उधर की बात न कर...विधानसभा में योगी ने सपा को खूब सुनाया; PDA पर घेरा
सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष में होने के नाते विरोधी दल के सदस्य मजबूरी में सरकार के अच्छे कामों का भी विरोध करते हैं। उन्होंने सरकार को कुछ अच्छे सुझाव भी दिए हैं। सरकार इन पर काम करेगी लेकिन यदि यही सुझाव उन्होंने अपनी पार्टी की सरकार के दौरान दिए होते तो बात कुछ और होती।

यूपी विधानसभा शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाजवादी पार्टी को जमकर सुनाया। हालांकि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को सरल और सहज बताते हुए खुलकर तारीफ की और कहा कि उनकी वजह से विरोधी दल के प्रति हमारी कठोरता सरलता में बदल जाती है। वहीं सपा विधायक पूजा पाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने पीडीए के मुद्दे पर सपा को घेरा और कहा कि आप लोग उन्हें न्याय नहीं दिला पाए थे। सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष में होने के नाते विरोधी दल के सदस्य मजबूरी में सरकार के अच्छे कामों का भी विरोध करते हैं। उन्होंने सरकार को कुछ अच्छे सुझाव भी दिए हैं जिन पर सरकार काम करेगी लेकिन यदि यही सुझाव उन्होंने अपनी पार्टी की सरकार के दौरान दिए होते तो बात कुछ और होती। सीएम योगी ने शायराना अंदाज में सपा पर तंज कसते हुए कहा- ‘तू इधर-उधर की बात न कर, ये तो बता कि काफिला क्यों लुटा...।’
सीएम योगी ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश में अराजकता के तांडव के लिए कौन दोषी था? आपने भी स्वीकार किया कि अच्छा हुआ है। दुर्दांत माफिया के प्रति सरकार ने कार्रवाई कर के भी दिखाया है। स्पष्ट नीति और उन्हें लागू करने की दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो परिणाम मिलते हैं। सबको सबसे पहले सुरक्षा चाहिए। कानून का राज हो। हर व्यक्ति के मन में सुरक्षा का भाव हो। बेटी और व्यापारी सुरक्षित महसूस करे। यह सरकार की पहली प्राथमिकता होती है। हमने क्या किया है, उस पर जनता रिजल्ट दे रही है। आगे भी देगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया के खिलाफ यूपी में जीरो टारलेंस है। माफिया के सामने झुकना सपा की मजबूरी है। आप के ही सामने आपकी ही पार्टी से सदस्य चुनी गई थीं पूजा पाल। आप न्याय नहीं दिला पाए क्योंकि हिम्मत नहीं थी। माफिया के सामने आपका झुकना मजबूरी थी। आप उन गुंडों माफियाओं के सामने गरीब बेटी को न्याय नहीं दे सकते थे। आप बात पीडीए की करते हैं, क्या वो पीडीए का पार्ट नहीं थीं। न्याय कैसे होता है, यह हमारी सरकार ने तय किया। बेटी चाहे उस पक्ष की हो या इस पक्ष की उसको हर हाल में न्याय मिलेगा। विजमा यादव को मैंने बुलाया था कि आपको सुरक्षा हम देंगे।
बड़े पैमाने पर धर्मांतरण के आरोपी छांगुर का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करती रहेगी। जमीनों पर कब्जा करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। अगर आबादी की भूमि पर या किसी सरकारी भूमि पर कोई माफिया कब्जा करके उस पर मॉल बनाकर, या वसूली का अड्डा बनाकर उसके माध्यम से अनैतिक, अवैध गतिविधियों का संचालन करके कोई छांगुर जैसा व्यक्ति वहां अनैतिक गतिविधियों का संचालन करेगा तो बुलडोजर भी चलेगा, उसको कोई रोक नही सकता। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में लोक सेवा आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तब काबिल लोगों को नौकरी नहीं पाती थी।
नकल माफिया की कमर तोड़ेंगे पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार
सीएम योगी ने कहा कि शिक्षा आयोग में पूर्व डीजीपी को इसीलिए लाया गया है। नकल माफिया की कमर तोड़नी है।




साइन इन