Beware of those creating industrial unrest Yogi appeals to workers on Noida violence औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहें; नोएडा हिंसा पर श्रमिकों से योगी की अपील, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहें; नोएडा हिंसा पर श्रमिकों से योगी की अपील

नोएडा में श्रमिकों के सैलरी बवाल के बीच CM योगी ने कहा कि यूपी में जब एनडीए की डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा, सेवा और सुशासन का मॉडल खड़ा कर रही है। तब कुछ लोग औद्योगिक अशांति पैदा कर रहे हैं। मैं श्रमिकों से अपील करूंगा कि माहौल बिगाड़ने वालों से सावधान रहें। 

Mon, 13 April 2026 03:49 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, मुजफ्फरनगर
share
औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहें; नोएडा हिंसा पर श्रमिकों से योगी की अपील

मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने एक साथ मंच साझा किया। इस दौरान सीएम योगी ने आहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया और रोजगार मेले का उद्घाटन किया। जिसमें करीब 150 से ज्यादा कंपनियां शामिल हुईं। आयोजन से 20 हजार युवाओं को रोजगार मिलने का दावा किया जा रहा है। नोएडा में श्रमिकों के सैलरी बवाल के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी में जब एनडीए की डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा, सेवा और सुशासन का मॉडल खड़ा कर रही है। तब कुछ लोग शांति और समृद्धि को रोकने के लिए अशांति पैदा कर रहे हैं।

औद्योगिक अशांति फैलाने वालों से सावधान रहे- योगी

योगी ने कहा कि मैं औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मियों और श्रमिकों से अपील करूंगा कि माहौल बिगाड़ने वालों से सावधान रहें। कोरानकाल में भी सरकार श्रमिकों के साथ खड़ी थी। ये वही राज्य है जहां 2017 से पहले उद्योग लगता था, तो तालाबंदी जरूर होती थी। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, फिर चाहे मुजफ्फरनगर हो, शामली हो, बुलंदशहर हो, बागपत हो, मेरठ हो या फिर मुरादाबाद हो।

श्रमिकों से सीधे संवाद करें उद्यमी- योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पहचान का संकट था, आज जब पहचान का संकट नहीं है। रोजगार और नौकरी मिल रही है। मैं कहना चाहूंगा कि औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहें। उद्यमियों से भी अपील करूंगा कि श्रमिकों के साथ सीधे संवाद करें। हमारी सरकार श्रमिकों के साथ है, उद्यमियों को सुरक्षा देगी। श्रमिकों को संरक्षण भी देगी। उनका उचित मानदेय भी देगी। जिसके लिए कॉरपोरेशन का गठन कर दिया है। ताकि श्रमिकों को न्यूनतम मानदेय मिल सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा सैलरी बवाल के पीछे नक्सल तो नहीं? योगी ने जताई आशंका, खुफिया तंत्र को चौकस
ये भी पढ़ें:सीएम योगी बोले- जो दिखेगा, वही बिकेगा, लखनऊ में 517 लाख से बने स्कूल का लोकार्पण

वहीं इससे पहले आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कह कि आज सभी को सरकारी नौकरी में समान अवसर मिल रहे हैं। 2014 में 150 स्टार्टअप नहीं थे, अब 2 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं। उन्होंने कहा कि ग्लोबल प्लेटफार्म की शुरुआत आज मुजफ्फरनगर से होने जा रही है। इसके बाद CM ने 951 करोड़ की 423 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सीएम ने मंच से कौशल दर्शन पुस्तक का विमोचन किया। वहीं इस बीच राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंच से सीएम से मुजफ्फरनगर का नाम लक्ष्मीनगर करने की मांग की।

मुजफ्फरनगर में सीएम योगी की जनसभा को आगामी यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक दृष्टिकोण से भाजपा-रालोद का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है। जनसभा को पउप्र में राजनीतिक समीकरण को साधने एवं जाट मतदाताओं को भाजपा गठबंधन के पक्ष में एकजुट करने की भी रणनीति मानी जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।