ताजमहल में पर्यटकों पर मधुमक्खियों का हमला; भगदड़ जैसे हालात, आधे घंटे बंद रही एंट्री
आगरा के ताजमहल परिसर में रविवार को मधुमक्खियों के झुंड से अफरा-तफरी मच गई। अचानक मधुमक्खियां पर्यटकों की ओर उड़ने लगीं, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षाकर्मियों ने पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और करीब आधे घंटे तक प्रवेश रोक दिया। बाद में हालात सामान्य होने पर आवाजाही फिर शुरू हुई।

आगरा के ताजमहल परिसर में रविवार को मधुमक्खियों के झुंड के कारण पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियां उड़कर पर्यटकों की ओर पहुंच गईं। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पर्यटक रुमाल, दुपट्टा और कपड़ों से चेहरा ढककर बचाव करते नजर आए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। एहतियात के तौर पर करीब आधा घंटे तक ताजमहल में प्रवेश रोक दिया गया। ताजमहल के सीनियर कंजर्वेशन असिस्टेंट प्रिंस वाजपेई ने बताया कि परिसर में कोई स्थायी छत्ता नहीं टूटा था।
पर्यटकों पर अचानक मधुमक्खियों का हमला
शनिवार शाम को मधुमक्खियों का एक झुंड पेड़ पर आकर बैठ गया था। रविवार सुबह तेज हवा चलने से झुंड उड़ गया। मधुमक्खियां पर्यटकों की ओर चली गईं। इससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने तुरंत पर्यटकों को वहां से हटा दिया। पर्यटकों के निकलने के बाद मधुमक्खियों के झुंड को भी वहां से हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि परिसर में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को समय-समय पर हटाया जाता है। हाल ही में 3 से 4 छत्ते हटाए गए थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
ताजमहल में जिस तरीके से मधुमक्खियों ने हमला बोला उसने सभी को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पर्यटक खुद के बचाव की तमाम यतन करते हुए नजर आ रहे हैं। मधुमक्खियां भी बड़ी मात्रा में दिख रही हैं। मधुमक्खियां पर्यटकों के आसपास मडरा रही हैं और पर्यटक घबरा रहे हैं। सुरक्षाकर्मी पर्यटकों को वहां से हटाते हुए नजर आ रहे हैं।
मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ जैसे हालात
गनीमत ये रही कि किसी पर्यटक के गंभीर घायल होने की सूचना नहीं मिली। पर्यटक मधुमक्खियां उड़ते देख पहले ही सजग हो गए। छोटे बच्चों को भी उन्होने कवर कर लिया। कई पर्यटक इधर-उधर दौड़कर खुद को बचा रहे थे। लोगों को मधुमक्खियों की तरफ जाने से भी रोक रहे थे। पर्यटकों की सजगता ने लोगों को बचा लिया।
पहले भी हुआ मधुमक्खियों का हमला
ताजमहल में पर्यटकों पर मधुमक्खियों के हमले का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले 15 मार्च 2025 को भी रॉयल गेट के पास मधुमक्खियों का छत्ता टूटने से घटना हुई थी। उस समय अचानक से मधुमक्खियों का झुंड उड़ने लगा था। जिससे वहां मौजूद पर्यटकों में भगदड़ मच गई थी। कई पर्यटक खुद को बचाने के लिए इधप से उधर दौड़ने लगे थे। कुछ पर्यटकों को मधुमक्खियों ने काट लिया था। तीन दिन पहले ही फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में कैला देवी पदयात्रियों पर मधुमक्खियों ने हमला बोला था। जिसमें 5 श्रद्धालु घायल हो गए थे।




साइन इन