swarm bees attacked during funeral Orai causing chaos at crematorium more than 50 people were injured अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों का हमला, श्मशान घाट पर अफरातफरी, 50 से ज्यादा घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों का हमला, श्मशान घाट पर अफरातफरी, 50 से ज्यादा घायल

उरई में वृद्ध के अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से श्मशान घाट पर अफरातफरी मच गई। इसमें महिलाओं और बुजुर्गों समेत 50 से अधिक लोग मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो गए।

Thu, 5 Feb 2026 07:02 PMDinesh Rathour कदौरा (उरई)
share
अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों का हमला, श्मशान घाट पर अफरातफरी, 50 से ज्यादा घायल

यूपी के उरई में वृद्ध के अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से श्मशान घाट पर अफरातफरी मच गई। इसमें महिलाओं और बुजुर्गों समेत 50 से अधिक लोग मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो गए और बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जबकि, हमले से छह लोग मौके पर बेहोश हो गए।

बुधवार रात कदौरा थाना क्षेत्र के डालेपुरवा निवासी 78 वर्षीय वीर सिंह का निधन हो गया था। गुरुवार दोपहर परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट पहुंचे। अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान उपलों के धुएं से श्मशान घाट के पास स्थित पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों से मधुमक्खियों का झुंड निकल पड़ा और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के डंक से घायल ग्रामीण विजय, बबलू सिंह, राजू, प्रदीप, धनीराम, बीरू, हर्षू मुन्ना, रज्जन, जगन्नाथ, लालाराम, शंकर नेता,और परिजनों के बाहर से आए अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि कुछ लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा भिजवाया। इस संबंध में सीएचसी कदौरा के अधीक्षक उदय कुमार ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में घायल 12 से अधिक मरीजों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। बताया सभी घायलों की स्थिति नियंत्रण में है और स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट और आसपास के क्षेत्रों में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटवाने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।