पहले इन लोगों के घर पर चलेगा बुलडोजर, लाल निशान मिटाने को लेकर ऐक्शन में आया नगर निगम
बरेली में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। जिन लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए अपने भवनों पर लगाए गए लाल निशान मिटा दिए हैं, उन पर सबसे पहले बुलडोजर चलाने की तैयारी की गई है।

Bareilly News: बरेली में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। जिन लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए अपने भवनों पर लगाए गए लाल निशान मिटा दिए हैं, उन पर सबसे पहले बुलडोजर चलाने की तैयारी की गई है। कुछ लोगों ने बुलडोजर की कार्रवाई से बचने को खुद ही अतिक्रमण तोड़ने शुरू कर दिया है।
नगर निगम ने सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण के तहत 50 से 55 अतिक्रमण चिन्हित कर लिए हैं। इसके तहत कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग और धर्मकांटे से कोहाड़ापीर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। एक्सईएन राजीव कुमार राठी का कहना है कि इसी सप्ताह कार्रवाई शुरू होने की संभावना है। नगर निगम को सूचना मिली है कि कई भवन मालिकों ने अपने प्रतिष्ठानों से लाल निशान हटा दिए हैं। निगम ने इस पर संज्ञान लेते हुए साफ कर दिया है कि ऐसे लोगों को किसी भी हाल में राहत नहीं दी जाएगी। सबसे पहले इन्हीं के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस से मांगा सहयोग
अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा है। ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न आए और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
सड़कों को किया जाएगा चौड़ा
अभियान के दौरान अवैध कब्जों को हटाकर सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
निगम की चेतावनी
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने या सरकारी निशान से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, निगम के इस सख्त रुख से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है और लोग कार्रवाई से बचने के लिए अपने स्तर पर भी तैयारी करते नजर आ रहे हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया, अभियान के तहत अवैध कब्जों को हटाकर सड़कों को चौड़ा किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम हो सके। अभियान इसी सप्ताह शुरू होने की संभावना है।




साइन इन