यूपी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, मस्जिद और मदरसे किए जमीदोज़, दुकानें भी तोड़ी गईं
यूपी में एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई हुई। संभल के गांव मुबारकपुर बंद में सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की।

Bullodzer Action: यूपी में एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई हुई। संभल के गांव मुबारकपुर बंद में सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। डीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने खेल के मैदान और खाद के गड्ढों की जमीन पर बने मदरसे, मस्जिद और दुकानों को ढहाने की प्रक्रिया शुरू की। देर शाम तक जेसीबी की मदद से मस्जिद की दीवार और दुकानों के बड़े हिस्से को जमींदोज कर दिया गया।
ग्रामीणों ने फरवरी माह में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया से शिकायत की थी कि गांव के खेल मैदान और खाद के गड्ढों की भूमि पर अवैध रूप से मदरसा, मस्जिद और दुकानें बना दी गई हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने राजस्व विभाग को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। तहसीलदार धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित राजस्व टीम ने 28 मार्च को गाटा संख्या 630 (0.126 हेक्टेयर) और 623 (0.112 हेक्टेयर) की पैमाइश की।
ग्रामीणों ने स्वेच्छा से हटाए अवैध निर्माण
जांच में स्पष्ट हुआ कि यह भूमि राजस्व अभिलेखों में खेल मैदान और खाद के गड्ढों के रूप में दर्ज है, लेकिन मौके पर मदरसा, मस्जिद, दुकानों और मकानों का निर्माण पाया गया। शनिवार को निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि कुछ ग्रामीण पहले ही स्वेच्छा से अवैध निर्माण हटाने का कार्य शुरू कर चुके हैं। रविवार को प्रशासनिक टीम के निर्देशानुसार बुलडोजर मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माणों को गिराने का कार्य शुरू हुआ। शाम तक दुकानों को गिरा दिया गया और मस्जिद की दीवार व कुछ हिस्से को ढ़हा दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार शाम तक अवैध निर्माण ध्वस्त होने की उम्मीद है।
सुरक्षा के लिए मुस्तैद रही पुलिस
संभल। मुबारकपुर बंद गांव में अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण के दौरान रविवार को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान कोई घटना नहीं हो जाए, ऐसे में पुलिस ने ग्रामीणों को ध्वस्तीकरण स्थल से दूर रखा।




साइन इन