barabanki bahraich four lane nh 927 approval nepal road connectivity up news बाराबंकी से बहराइच फोरलेन एनएच को कैबिनेट की मंजूरी, नेपाल तक आसान होगी कनेक्टिविटी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बाराबंकी से बहराइच फोरलेन एनएच को कैबिनेट की मंजूरी, नेपाल तक आसान होगी कनेक्टिविटी

Up News: केंद्र सरकार ने 6,969 करोड़ रुपये की लागत से बाराबंकी-बहराइच फोरलेन (NH-927) के निर्माण को मंजूरी दी है। 101.51 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट से नेपाल तक कनेक्टिविटी आसान होगी।

Thu, 19 March 2026 10:23 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
बाराबंकी से बहराइच फोरलेन एनएच को कैबिनेट की मंजूरी, नेपाल तक आसान होगी कनेक्टिविटी

Up News: उत्तर प्रदेश के विकास रथ को रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने एक और बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) की बैठक में बाराबंकी से बहराइच के बीच अत्याधुनिक फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-927) के निर्माण को हरी झंडी दे दी गई है। लगभग 6,969 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली यह परियोजना न केवल यूपी के दो बड़े जिलों को जोड़ेगी, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल तक भारत की पहुंच को और अधिक सुगम और निर्बाध बनाएगी।

हाई-स्पीड कॉरिडोर: 101 किलोमीटर का सफर होगा आसान

केंद्रीय रेल और सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि 101.51 किलोमीटर लंबे इस राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। वर्तमान में यह मार्ग संकरा होने के कारण यातायात के दबाव और जाम की समस्या से जूझ रहा था। इस नए हाई-स्पीड कॉरिडोर के विस्तार से बाराबंकी और बहराइच के बीच लगने वाले समय में भारी कमी आएगी। परियोजना के वित्तीय विवरण के अनुसार, इसमें लगभग 3,485.49 करोड़ रुपये निर्माण लागत के रूप में खर्च होंगे, जबकि भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास कार्यों के लिए 1,574.85 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ-विंध्याचल के बीच आज से नवरात्र स्पेशल ट्रेन, ईद पर छोटे शहरों के कल से बसें

आर्थिक और सामाजिक विकास का नया द्वार

यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक केंद्रों को जोड़ने वाली एक जीवन रेखा साबित होगी। इस राजमार्ग का सीधा लाभ भारत-नेपाल सीमा पर स्थित व्यापारिक केंद्रों को मिलेगा, जिससे द्विपक्षीय व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

लॉजिस्टिक हब

बहराइच और आसपास के कृषि प्रधान क्षेत्रों से उपज को लखनऊ और दिल्ली जैसे बड़े बाजारों तक पहुंचाना अब और भी आसान होगा।

रोजगार के अवसर

मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस विशाल निर्माण कार्य से प्रदेश में रोजगार की लहर आएगी। अनुमान है कि इस प्रोजेक्ट से 36.54 लाख प्रत्यक्ष कार्यदिवस और 43.04 लाख अप्रत्यक्ष कार्यदिवस के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर काम मिलेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP चुनाव के लिए BJP बिछाने लगी बिसात, साध्वी ज्योति के जरिए क्या संकेत और संदेश
ये भी पढ़ें:राष्ट्रपति का अयोध्या दौरा; सभी पास स्थगित, आम श्रद्धालुओं को इस द्वार से प्रवेश

विकास के पथ पर अग्रसर उत्तर प्रदेश

बाराबंकी-बहराइच फोरलेन एनएच का निर्माण यूपी सरकार के 'कनेक्टिविटी मिशन' का हिस्सा है। इससे तराई क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई मिलेगी। यह राजमार्ग सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना और रसद की आवाजाही को गति प्रदान करेगा। सरकार का लक्ष्य इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित करना है, ताकि निर्बाध रोड कनेक्टिविटी के संकल्प को साकार किया जा सके।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।