गोड्डा व महगामा में पेट्रोल पंपों पर अफरातफरी, किल्लत की आशंका से बढ़ी भीड़
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण गोड्डा जिले में पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति बाधित होने की अफवाहों ने चिंता बढ़ा दी है। पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई है और कई स्थानों पर पेट्रोल खत्म हो गया है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी है और लोगों से संयम बरतने की अपील की है।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव व युद्ध के बीच देशभर में पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति बाधित होने की अफवाहों ने आम लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है। इसका सीधा असर अब गोड्डा जिले में भी देखने को मिल रहा है। गोड्डा नगर क्षेत्र के साथ साथ महगामा अनुमंडल में पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया है, जिससे कई स्थानों पर अफरा तफरी की स्थिति बन गई है। सुबह से ही शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दिन चढ़ने के साथ और भी बढ़ती चली गईं। बाइक, कार, ऑटो सहित हर प्रकार के वाहन चालकों की भीड़ पंपों पर देखी गई। कई लोग अपने वाहनों की टंकी फुल कराने के साथ साथ अतिरिक्त पेट्रोल डीजल स्टॉक करने के उद्देश्य से गैलन, बोतल और अन्य कंटेनर लेकर भी पहुंचे। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जिले के कई पेट्रोल पंपों पर कुछ ही घंटों में पेट्रोल समाप्त हो गया, जबकि डीजल की भी सीमित उपलब्धता ही बची रही। कई पंप संचालकों को मजबूरन नो स्टॉक का बोर्ड लगाना पड़ा, जिससे लोगों में और अधिक बेचैनी फैल गई। वहीं, जहां ईंधन उपलब्ध था, वहां भी प्रति वाहन सीमित मात्रा में ही पेट्रोल डीजल दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग के कारण सप्लाई पर दबाव पड़ा है। उनका कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक बिक्री हो रही है, जिससे स्टॉक जल्दी खत्म हो जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह स्थिति मुख्य रूप से अफवाहों के कारण उत्पन्न हुई है, न कि वास्तविक आपूर्ति संकट के चलते। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल डीजल की उपलब्धता कैसी रहेगी। कई लोगों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर सीधे तौर पर तेल की कीमतों और सप्लाई पर पड़ सकता है। इसी आशंका के चलते लोग पहले से ही ईंधन जमा करने में लगे हैं। इधर, प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और लोगों से संयम बरतने की अपील की है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जिले में फिलहाल पेट्रोल डीजल की कोई आधिकारिक किल्लत नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें, ताकि कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
जनजीवन पर पड़ सकता है असर
यदि पेट्रोल डीजल की आपूर्ति और मांग के बीच असंतुलन की स्थिति बनी रही, तो इसका असर परिवहन, व्यापार और दैनिक जीवन पर भी पड़ सकता है। खासकर सार्वजनिक परिवहन और आवश्यक सेवाओं के संचालन में बाधाएं उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं सरकार ने भी आम लोगों से अपील की है की वो पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल ज्यादा करें , ना कि निजी वाहन का ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन