परंपरागत ढंग से मनाए त्योहार, किसी भी नई परंपरा की न करें शुरुआत : डीएम
Azamgarh News - आजमगढ़ में गंगा दशहरा और बकरीद त्योहारों को शांति से मनाने के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान सफाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। धर्मगुरुओं से अपील की गई कि वे लोगों को जागरूक करें और किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न होने दें।
आजमगढ़, हिन्दुस्तान संवाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के संयुक्त अध्यक्षता में हरिऔध कला केंद्र में शनिवार को आगामी गंगा दशहरा, बकरीद त्योहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विभिन्न धर्म गुरुओं, संभ्रांतजनों के साथ की पीस कमेटी की बैठक हुई।
बैठक का उद्देश्य
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा की सभी उप जिलाधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करते हुए पीस कमेटी की बैठक सुनिश्चित कर लें। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों एवं अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को गंगा दशहरा के दिन लगने वाले मेले / स्नान पर्व को देखते हुए सभी नदी एवं बड़े तालाबों के तटों पर स्थित घाटों एवं मंदिरों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए। कहा कि चंद्रमा ऋषि, दुर्वासा ऋषि, दत्तात्रेय, भैरवनाथ मंदिर, शंकर मंदिर सहित घाटों पर जाने वाले मार्गों एवं मंदिर मार्गों की सफाई एवं चूना छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। नदी घाटों की गहराई को देखते हुए गोताखोर, रस्सी, नाव आदि की व्यवस्था स्नान वाले दिन सुनिश्चित करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रयोग में लाया जा सके।
बकरीद के लिए निर्देश
डीएम ने ईद उल अजहा (बकरीद) के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए धर्मगुरु, प्रबुद्धजनों एवं संभ्रान्त नागरिकों से सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि त्योहार में किसी प्रकार की नई परंपरा की शुरूआत नहीं होनी चाहिए। किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न दी जाए और कोई भी कुर्बानी खुले में न हो। सूअर को बाड़े कें अंदर बंद रखा जाए। ड्रिंक एंड ड्राइव एवं ओवर स्पीड ना करें। उन्होंने समस्त धर्म गुरुओं से अपील करते हुए कहा कि लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें तथा किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया की अफवाहों से दूर रहे, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार ने बकरीद के त्योहार को परंपरागत रूप से मनाये जाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शांति-सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों को आवश्यक धाराओं में समय रहते पाबंद करना सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष को निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहते हुए शांति व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखें, जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न होने पाए।
बैठक में उपस्थित लोग
बैठक में एडीएम वित्त राजस्व गंभीर सिंह, सीआरओ संजीव ओझा, एएसपी ग्रामीण चिराग जैन, एएसपी नगर मधुबन कुमार सिंह, एएसपी ट्रैफिक पंकज कुमार के अलावा समस्त एसडीएम/सीओ,एसीएमओ सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न धर्मों के धर्मगुरू, संभ्रांत नगरिकगण उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन