शांति से मनाएं त्योहार, अफवाहें फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
Orai News - उरई। संवाददाता गंगा दशहरा एवं बकरीद को जनपद में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण ढंग से सम्पन्न

उरई। संवाददाता गंगा दशहरा एवं बकरीद को जनपद में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से डीएम राजेश कुमार पाण्डेय व एसपी विनय कुमार सिंह ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक कर संबंधित अधिकारियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ चर्चा की। साथ ही आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और परंपराओं के सम्मान का प्रतीक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।
उन्होंने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गंगा दशहरा के अवसर पर घाटों, मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं बकरीद के दृष्टिगत सफाई, पेयजल और बिजली सहित सभी चिन्हित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। एसपी विनय कुमार सिंह ने कहा कि अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट करने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, एएसपी ईशान सोनी, समस्त एसडीएम, सीओ, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, विद्युत, स्वास्थ्य, जल संस्थान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं धर्मगुरु शान्ति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन