विपक्ष की मानसिकता महिला विरोधी: प्रतिभा शुक्ला
Auraiya News - उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विपक्षी दलों पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। उन्होंने 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों के विरोध को देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात बताया। शुक्ला ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्ष को महिलाओं के अधिकारों से वंचित करने के लिए जिम्मेदार ठहराया।

औरैया, संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विपक्षी दलों पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी उनका अधिकार है, कोई उपकार नहीं। ऐसे में जो दल इस प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं, उन्हें आने वाले समय में महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
प्रतिभा शुक्ला ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी जैसे दल कोटा के भीतर धर्म आधारित आरक्षण की मांग उठाकर प्रक्रिया को टालने की कोशिश कर रहे हैं, जो तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल खुद को लोकतंत्र का रक्षक बताते हैं, लेकिन संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ के कारण महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित कर रहे हैं। जब ‘नारी शक्ति वंदन’ विधेयक लाया गया, तब इन दलों ने दबाव में उसका समर्थन किया, लेकिन वास्तविक समय आने पर उनकी सोच उजागर हो गई। राज्य मंत्री ने कहा कि आज देश की महिलाएं पंचायत स्तर से लेकर उच्च स्तर तक नेतृत्व कर रही हैं और अब संसद व विधानसभाओं में भी अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष तकनीकी बहानों से जनता को भ्रमित नहीं कर सकता, क्योंकि आज की महिलाएं जागरूक हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, अजीतमल नगर पंचायत अध्यक्ष आशा चक्र, जिला महामंत्री मनु राजपूत, यशवीर सिंह, विशाल शुक्ला, भूरे चोबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन