जन कल्याण मेले में गूंजीं सरकार की योजनाएं, विभागों ने लगाए जागरूकता स्टॉल
Auraiya News - सहार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में जन कल्याण मेला आयोजित किया गया। विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को जोड़ने का कार्य किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था।

सहार, संवाददाता। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत विकास खंड सहार परिसर में शुक्रवार को भव्य जन कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया। मेले में स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रिया शाक्य रहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। सरकार की मंशा है कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। खंड विकास अधिकारी सहार राजनारायण पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सरकार द्वारा अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर एडीओ पंचायत प्रवीण राजपूत एवं एडीओ कृषि सुरेन्द्र कुमार ने भी विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए किसानों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन पुष्पा मैम ने किया। मेले में भाजपा जिला मंत्री विमल दुबे, डॉ. विनोद त्रिपाठी, रवि पाण्डेय, शिवकुमार शाक्य, अवनीश सविता सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन