अतुल तोमर हत्याकांड : BJP के जिला मंत्री समेत 8 के खिलाफ FIR दर्ज, मृतक की मां ने क्या बताया
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में सोमवार देर रात हुए प्रॉपर्टी डीलर और शराब कारोबारी अतुल तोमर हत्याकांड में मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका की मां ने भाजपा के जिला मंत्री समेत चार नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए अतुल तोमर हत्याकांड में मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका की मां ने भाजपा के जिला मंत्री समेत चार नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं गाजियाबाद के अस्पताल में मौजूद अतुल के परिजनों ने पुलिस को उसका शव नहीं उठने दिया। उन्होंने मांग की कि पहले आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए, उसके बाद ही शव को उठने दिया जाएगा।
बेटे से रंजिश रखते थे गांव के कुछ लोग : मां
ग्राम गालंद निवासी मधु तोमर ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके बेटे अतुल से गांव के कुछ लोग रंजिश रखते थे तथा मुकदमेबाजी भी चल रही है। एक प्लॉट को लेकर गांव का ही रहने वाला मंजीत, भाजपा के जिला मंत्री नवीन तोमर व ब्रजमोहन व श्रीपाल उर्फ पप्पू कुछ दिनों से अतुल को धमकी भी दे रहे थे। 11 मई की रात को करीब 10:45 बजे उनका बेटा अतुल रिलायंस रोड पर चकना फास्ट फूड से अपनी कार से अपने साथी अशोक के साथ गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव गालंद को जाने वाली रोड पर जिम के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आई एक कार ने ओवरटेक करके अतुल की गाड़ी को रोक लिया। कार सवार नवीन तोमर, ब्रजमोहन, मंजीत, श्रीपाल उर्फ पप्पू के हाथों में तमंचा व पिस्टल थी। उन्हें देखकर अशोक डर के कारण कार से निकलकर भागा तथा कुछ दूरी पर रुककर देखा कि चार बदमाश अज्ञात किस्म के लड़के मोटर साइकिल पर भी आ गए। सभी ने अतुल पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। नवीन तोमर ने अतुल की साइड का शीशा तोड़कर अतुल की छाती में गोली मारी सभी ने मिलकर गाड़ी को भी तोड़ दिया। इसी बीच बाइक पर सवार होकर अनूप तोमर भी मौके पर आ गए। जिन्होंने भी घटना को देखा है। सभी आरोपी अतुल पर गोली चलाकर व गाड़ी में तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गए। अतुल को घायल अवस्था में पहले रामा अस्पताल और फिर वहां से गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अतुल की मौत हो गई।
आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
मृतक अतुल की मां ने बताया कि नवीन तोमर, मंजीत, ब्रजमोहन व श्रीपाल उर्फ पप्पू का अपराधिक इतिहास है तथा हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। इन सभी का गांव में आतंक है। रंजिश व मुकदमेबाजी के कारण उनके बेटे अतुल की हत्या की गई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों के मिलने के संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
परिजन ने की पहले एनकाउंटर की मांग फिर उठने देंगे शव
अतुल की हत्या से आक्रोशित परिजनों ने गाजियाबाद स्थित सर्वोदय अस्पताल से शव को नहीं उठने दिया। उन्होंने मांग की है कि परिजनों की मांग है, कि जब तक आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होगा तब तक अस्पताल से शव नहीं उठाया जाएगा। इसको लेकर पुलिस का सिरदर्द बढ़ गया है। पुलिस का प्रयास है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाए, लेकिन परिजन पहले एनकाउंटर की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस उनको समझाने में लगी है।




साइन इन