गाजियाबाद में शादी में हुए विवाद के बाद पिलखुवा में शराब कारोबारी की हत्या, ग्रामीणों का अस्पताल में हंगामा
गाजियाबाद में एक शादी समारोह में हुए विवाद के बाद पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद निवासी शराब कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आज सुबह अस्पताल पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।

गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र में सोमवार रात एक शादी समारोह में दो पक्षों में किसी बात को लेकर हुए विवाद के चलते देर रात करीब 11:00 बजे धौलाना में एक युवक की गोली मार दी गई। गंभीर हालत में युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आज अस्पताल में जमकर हंगामा करते हुए आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। मृतक अतुल तोमर के पिता पूर्व प्रधान रह चुके हैं।
तीन-चार युवकों से हो गया था विवाद
पुलिस जानकारी के अनुसार, हापुड़ जिले के थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद निवासी शराब कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर सोमवार को गाजियाबाद जिले के थाना भोजपुर के इलाके में किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया गया है शादी समारोह में मामूली बात को लेकर तीन-चार युवकों में आपस में विवाद हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद शांत कराया और अतुल समेत सभी को वापस भेज दिया। बताया जा रहा है रात को करीब 11 बजे अतुल को गोली मार दी गई। गोली लगने से अतुल लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद गालंद गांव में अतुल की हत्या की खबर फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लहूलुहान अतुल को गंभीर हालत में कविनगर स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का अस्पताल में हंगामा
मंगलवार सुबह जैसे ही मौत की सूचना गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों का कहना था कि जब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और उनका एनकाउंटर नहीं किया जाएगा, तब तक शव अस्पताल से नहीं ले जाया जाएगा।
आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
अभी तक की जानकारी के अनुसार, अतुल की हत्या के पीछे गांव के ही कुछ लोगों से रंजिश होने की बात निकलकर सामने आ रही है। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर सभी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
डीएसपी अनीता सिंह ने बताया कि गाजियाबाद के शादी समारोह में विवाद होने के बाद जैसे ही यह युवक गांव पहुंचा तो वहां उसे गोली मार दी गई है, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




साइन इन