5 new police stations to be built in ghaziabad land identified at these locations गाजियाबाद में बनेंगे 5 नए पुलिस थाने, इन जगहों पर जमीन की पहचान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गाजियाबाद में बनेंगे 5 नए पुलिस थाने, इन जगहों पर जमीन की पहचान

गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि पांच नए थानों के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। शासन से मंजूरी और बजट मिलने के बाद इनका निर्माण शुरू हो जाएगा।

Tue, 12 May 2026 08:00 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
गाजियाबाद में बनेंगे 5 नए पुलिस थाने, इन जगहों पर जमीन की पहचान

गाजियाबाद में सुरक्षा-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में पांच नए पुलिस थाने बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। शासन से बजट मिलते ही पांच नए थानों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

गाजियाबाद में बीते कुछ वर्षों के दौरान नई कॉलोनियां, बहुमंजिला सोसाइटियां और व्यावसायिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। इसके चलते कई थानों का क्षेत्रफल और आबादी अत्यधिक बढ़ गई। ऐसे में पुलिस गश्त और शिकायतों के निस्तारण पर असर पड़ रहा था। इसी दबाव को कम करने के लिए नए थानों की योजना पर काम शुरू किया गया था। इसी क्रम में नवंबर 2022 में गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद 11 नए थाने खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद नए थानों के लिए जमीन चिह्नित नहीं हो पा रही थी। पुलिस के तमाम पत्राचार और परामर्श के बाद संबंधित विभागों ने धरातल पर काम शुरू किया तो पांच नए थानों के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई, जिन नए थानों के लिए जमीन चिह्नित हुई है, उनमें गंगनहर, रावली, वृंदावन गार्डन, हरनंदी और राजनगर एक्सटेंशन थाना शामिल है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गाजियाबाद में सड़कों के अवैध कटों पर ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, यहां 15 रास्ते बंद

इन तीन थानों के लिए पूरी की जा रही जमीन

विजयनगर थाने से कटकर सिद्धार्थ विहार, कविनगर थाने से कटकर अवंतिका और मोदीनगर थाने से कटकर गोविंदपुरी थाना प्रस्तावित है। तीनों स्थानों पर कुछ जमीन मौजूद है, जिसे थाने के मानक के हिसाब से पूरा किए जाने की दिशा में काम चल रहा है। सिद्धार्थ विहार में नई बहुमंजिला सोसाइटियां विकसित हो रही हैं, जबकि अवंतिका और गोविंदपुरी क्षेत्रों में आबादी का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिंडन नदी पर यहां बनेंगे 3 नए पुल, लोनी समेत कई इलाकों में सुधरेगी कनेक्टिविटी

सहायता और शिकायत के लिए दूर नहीं जाना होगा

● राजनगर एक्सटेंशन नंदग्राम थाने के अंतर्गत आता है। स्थानीय लोगों को पुलिस सहायता और शिकायत दर्ज कराने के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती है।

● वृंदावन गार्डन थाना साहिबाबाद और टीला मोड़ थानाक्षेत्र के कुछ हिस्सों को अलग कर बनाया जाएगा। यहां घनी आबादी और व्यस्त बाजार क्षेत्र होने के कारण पुलिस पर लगातार दबाव बना रहता है।

● गंगनहर और रावली थाने मुरादनगर और मोदीनगर क्षेत्र के बढ़ते विस्तार को देखते हुए प्रस्तावित किए गए हैं।

● साहिबाबाद थानाक्षेत्र के करहेड़ा इलाके में प्रस्तावित हरनंदी थाना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जे. रविंदर गौड़, पुलिस कमिश्नर, ''कमिश्नरेट में पांच नए थानों के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। शासन से मंजूरी और बजट मिलने के बाद इनका निर्माण शुरू हो जाएगा। अन्य प्रस्तावित थानों के लिए भी काम किया जा रहा है।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:घुड़चढ़ी से पार्किंग तक,गाजियाबाद पुलिस ने जाम से निपटने को लगाईं कई सख्त पाबंदी
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।