Assistant Director and Principal Assistant accused of commission-taking suspended, Yogi government takes action कमीशनखोरी के आरोपित सहायक निदेशक और प्रधान सहायक सस्पेंड, योगी सरकार ने लिया ऐक्शन, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कमीशनखोरी के आरोपित सहायक निदेशक और प्रधान सहायक सस्पेंड, योगी सरकार ने लिया ऐक्शन

कमीशनखोरी के आरोपित सहायक निदेशक और प्रधान सहायक सस्पेंड कर दिए गए हैं। निलंबित किए गए सहायक निदेशक पर जनपदीय बजट में 10 प्रतिशत कमीशन मांगने व प्रधान सहायक पर गिरोहबंद होकर कार्य करने के संगीन आरोप लगे हैं।

Fri, 29 May 2026 11:00 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
कमीशनखोरी के आरोपित सहायक निदेशक और प्रधान सहायक सस्पेंड, योगी सरकार ने लिया ऐक्शन

UP News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने कमीशनखोरी, उत्पीड़न व वसूली के आरोप में प्रशिक्षण निदेशालय में तैनात सहायक निदेशक धीरेन्द्र कुमार व प्रधान सहायक इमरान अहमद को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए सहायक निदेशक पर जनपदीय बजट में 10 प्रतिशत कमीशन मांगने व प्रधान सहायक पर गिरोहबंद होकर कार्य करने के संगीन आरोप लगे हैं।

प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता डॉ. हरिओम की ओर से प्रशिक्षण निदेशालय में कार्यरत सहायक निदेशक धीरेन्द्र कुमार के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में मशीन, उपकरण व साज-सज्जा के लिए भेजे गए बजट का ढंग से उपभोग नहीं किया गया। जिसके चलते धनराशि विभाग को वापस करनी पड़ी। वित्तीय कार्यों में भ्रष्टाचार व सहकर्मियों के अनुसार कार्य न करने पर धमकी देने और अपने पटल के कार्य से इतर जाकर कच्चे माल, साज-सज्जा व उपकरण का बजट देने के लिए 10 प्रतिशत कमीशन की मांग किए जाने का आरोप लगा है। वर्ष 2024-25 में आहरण-वितरण अधिकारी रहते तमाम अनियमिताएं की। फिलहाल इन्हें निलंबित करते हुए मामले की अनुशासनिक जांच के लिए संयुक्त निदेशक, प्रशिक्षण मयंक गंगवार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। सहायक निदेशक धीरेन्द्र कुमार को जांच पूरी होने तक देवीपाटन मंडल के संयुक्त निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

दूसरी ओर प्रधान सहायक इमरान अहमद के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विधान परिषद सदस्य डॉ. सुरेन्द्र चौधरी की ओर से पत्र लिखा गया था। पद का दुरुपयोग करने, भ्रष्टाचार, धार्मिक भेदभाव व कर्मचारियों का उत्पीड़न किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। यही नहीं गिरोहबंद होकर कार्य करने का भी आरोप लगाया गया है। ऐसे में इन्हें निलंबित किए जाने का आदेश निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह की ओर से जारी कर दिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP की ब्यूरोक्रेसी में जल्द कई बड़े बदलाव, इस रैंक के अफसरों की भी भूमिका बदलेगी
ये भी पढ़ें:यूपी के इस जिले में लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण का रास्ता साफ

13 जिलों के होमगार्ड कमांडेंट के तबादले

वहीं शासन ने 13 जिला कमांडेंट अदिकारियों का तबादला कर दिया है। पुलिस महानिदेशक होमगार्ड डीके ठाकुर ने सभी को तत्काल नई तैनाती स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है।ओम प्रकाश सिंह को जौनपुर से चित्रकूट, ज्ञान प्रकाश को संभल से मैनपुरी, विनोद कुमार झा को फिरोजाबाद से आजमगढ़, शैलेंद्र मिश्र को संत कबीरनगर से कुशीनगर, धीरेंद्र पांडेय को प्रतापगढ़ से अलीगढ़, नीता भारतीया को सुल्तानपुर से अमेठी, श्यामजीत शाही को अलीगढ़ से सीतापुर, नीरज कुमार शर्मा को कुशी नगर से फिरोजाबाद, विजय कुमार सिंह को सहारनपुर से जौनपुर, मनोज कुमार (प्रथम) को कन्नौज से सहारनपुर, दिनेश ढींगरा को सीतापुर से प्रतापगढ़, मनोज सिंह बघेल को आजमगढ़ से जालौन, राजेश कुमार सिंह को जालौन से संभल जिला होमागार्ड कमांडेंट पद पर स्थानांतरित किया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।