Arguments Concluded These Are Hired Hands I Will Make Them Shine Shoes Case Verdict on Azam Khan Expected on 16 May ‘ये तनखइया हैं...इनसे जूते साफ कराऊंगा’ केस में बहस पूरी, आजम खां को लेकर 16 मई को आएगा फैसला, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

‘ये तनखइया हैं...इनसे जूते साफ कराऊंगा’ केस में बहस पूरी, आजम खां को लेकर 16 मई को आएगा फैसला

2019 में हुए लोकसभा चुनाव में आजम खां समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी थे। इस दौरान भोट थाना क्षेत्र में आयोजित रोड शो के दौरान आजम खां का एक विवादित बयान का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस मामले में अब 16 मई को फैसला आएगा।

Mon, 4 May 2026 08:30 PMDinesh Rathour रामपुर, विधि संवाददाता
share
‘ये तनखइया हैं...इनसे जूते साफ कराऊंगा’ केस में बहस पूरी, आजम खां को लेकर 16 मई को आएगा फैसला

Rampur News: ये तनखइया हैं...इनसे मत डरियो...इंशा अल्लाह इनसे जूते साफ कराऊंगा....रामपुर से लेकर चुनाव आयोग दिल्ली तक आजम के जिस बयान की गूंज सुनाई दी थी, सोमवार को उस चर्चित मामले में दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई। अदालत ने फैसला सुनाने के लिए 16 मई की तारीख मुकर्रर की है।

मालूम हो कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में आजम खां समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी थे। इस दौरान भोट थाना क्षेत्र में आयोजित रोड शो के दौरान आजम खां का एक विवादित बयान का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें आजम खां तत्कालीन जिलाधिकारी पर निशाना साधते हुए कहते सुनाई दे रहे थे कि इन कलेक्टर-पलेक्टर से मत डरियो, ये तनखइया हैं, इंशा अल्लाह चुनाव बाद इनसे जूते साफ कराऊंगा...। आजम के इस वीडियो पर दिल्ली में चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया और राज्य निर्वाचन आयोग से रिपोर्ट तलब की थी।

भोट थाने में दर्ज हुआ था केस

राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट मांगते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिस पर तत्कालीन जिलाधिकारी एवं वर्तमान में कमिश्नर मुरादाबाद आन्जनेय कुमार सिंह के आदेश पर तत्कालीन एसडीएम टांडा एवं चमरौआ विस क्षेत्र के एआरओ घनश्याम त्रिपाठी की ओर से भोट थाने में केस दर्ज कराया गया था। जिसमें आजम के खिलाफ चार्जशीट अदालत दाखिल की गई थी। एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में इस केस का ट्रायल चल रहा है, एपीओ स्वदेश शर्मा ने बताया कि इस मामले में सोमवार को दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई। इस मामले में अदालत ने 16 मई की तारीख पत्रावली वास्ते निर्णय मुकर्रर की गई है।

सजा बढ़ाने के मामले में आजम का स्थगन

रामपुर। सजा बढ़ाने को लेकर की गई अभियोजन की अपील पर आजम खां ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से सोमवार को स्थगन प्रार्थना पत्र दाखिल किया, जिस पर कोर्ट में सुनवाई टल गई। अब इस अपील पर 15 मई को सुनवाई होगी।

मायावती पर विवादित बयान मामले में सुनवाई टली

सपा नेता आजम खां के खिलाफ टांडा थाने में दर्ज बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ विवादित बयान देने के मामले में सोमवार को सुनवाई टल गई। अब इस मामले में चार जून को सुनवाई होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में आंधी-बारिश ने एक बार फिर मचाई तबाही, कई जिलों में पड़े ओले, छह की मौत
ये भी पढ़ें:रुका सड़कों का निर्माण कार्य फिर होगा शुरू, योगी कैबिनेट ने लिया यह फैसला
ये भी पढ़ें:यूपी में भर्ती और प्रमोशन के लिए चयन वर्ष बदला, योगी कैबिनेट बैठक में निर्णय

आजम के बरी होने के खिलाफ दाखिल अपील में अब 19 को होगी सुनवाई

सपा नेता अमर सिंह के परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सपा नेता आजम खां को बरी किए जाने के खिलाफ दायर की गई अपील पर सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 19 मई को होगी। मामला 17 अक्तूबर 2018 का है। आरोप था कि आजम खां ने एक निजी चैनल को जौहर यूनिवर्सिटी में दिए इंटरव्यू में अमर सिंह के परिवार के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद अमर सिंह ने लखनऊ में पांच मार्च 2020 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अमर सिंह का आरोप था कि आजम ने उन पर और उनकी 17 साल की जुड़वां बेटियों पर तेजाब फेंकने की धमकी दी थी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।