another husband murdered in up dead body found hanging from a noose after a love marriage two months ago लव मैरिज के दो महीने बाद फंदे से लटकती मिली लाश, यूपी में एक और पति का कत्ल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लव मैरिज के दो महीने बाद फंदे से लटकती मिली लाश, यूपी में एक और पति का कत्ल

आईवीआरआई में संविदा पर ऑफिस सहायक के पद पर कार्यरत 33 वर्षीय जितेंद्र यादव इज्जतनगर की कैलाशपुरम कॉलोनी में अपनी पत्नी ज्योति के साथ किराये पर रहते थे। जितेंद्र मूलरूप से इटावा में भरथाना के थे। प्रेम प्रसंग के बाद नवंबर में उन्होंने ज्योति से प्रेम विवाह किया था। ज्योति रोडवेज में कंडक्टर है।

Wed, 28 Jan 2026 06:55 PMAjay Singh मुख्य संवाददाता, बरेली
share
लव मैरिज के दो महीने बाद फंदे से लटकती मिली लाश, यूपी में एक और पति का कत्ल

उत्तर प्रदेश के बरेली में आईवीआरआई के एक संविदाकर्मी का शव किराये के कमरे में फंदे पर लटका मिला। उसके पिता ने पत्नी और ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई। मगर पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

आईवीआरआई में संविदा पर ऑफिस सहायक के पद पर कार्यरत 33 वर्षीय जितेंद्र यादव इज्जतनगर की कैलाशपुरम कॉलोनी में कमल सक्सेना के मकान में अपनी पत्नी ज्योति के साथ किराये पर रहते थे। जितेंद्र मूलरूप से इटावा में भरथाना के निवासी थे और नौ साल तक प्रेम प्रसंग के बाद नवंबर में उन्होंने ज्योति से प्रेम विवाह किया था। ज्योति रोडवेज में कंडक्टर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पति से तलाक बिना किसी और के साथ रहने लगी महिला, मांगा गुजारा भत्ता; जानें फिर

सोमवार सुबह जितेंद्र का शव उनके कमरे में फंदे पर लटका मिला और ज्योति भी वहां मौजूद थी। इस मामले में जितेंद्र के भाई अजय ने उनकी पत्नी ज्योति, ससुर कालीचरन, सास चमेली और साले दीपक के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का आरोप लगाकर थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई।

आरोप लगाया कि पत्नी और ससुराल वाले जितेंद्र पर पैतृक संपत्ति बेचकर मकान व कार ज्योति के नाम पर लेने का दबाव बनाते थे। ऐसा न करने पर वे लोग पूरे परिवार को दहेज उत्पीड़न के केस में फंसाने की धमकी देते थे। इसके चलते उनके भाई ने खुदकुशी कर ली। मगर पुलिस ने जब शव का पोस्टमार्टम कराया तो गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। इस मामले में पुलिस उनकी पत्नी और ससुराल वालों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम किया जाएगा।

मायके वालों को की थी अंतिम कॉल

पुलिस ने ज्योति और जितेंद्र के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई है, जिसका अध्ययन किया जा रहा है। फिलहाल यह साफ हो चुका है कि ज्योति ने अंतिम कॉल अपने मायके वालों को की थी। पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

दूसरे दिन भी की जांच

जितेंद्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मंगलवार को घटना के दूसरे दिन इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह टीम के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जितेंद्र के कमरे का बारीकी से मुआयना किया। साथ ही घर में रहने वाले और आसपास के अन्य लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पति की हत्या कर दिया अंतिम संस्कार, पत्नी और उसके प्रेमी को उम्रकैद

वेंटिलेटर से लटका था शव, स्टूल पर टिके थे पैर

जितेंद्र यादव और ज्योति के बीच करीब नौ साल से प्रेम संबंध थे। दोनों ने 25 नवंबर को शादी की और करीब 25 दिन पहले ही दोनों कैलाश पुरम में कमल सक्सेना के घर में किराये पर रहने लगे। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि ज्योति और जितेंद्र के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर सेंट्रल जेल में वार्डर के पद पर तैनात जितेंद्र के ममेरे भाई ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक ज्योति के मायके वाले भी पहुंच चुके थे। जितेंद्र का शव मफलर के सहारे वेंटिलेटर से लटका था और उनके पैर स्टूल पर टिके थे। जीभ बाहर थी, जिसके चलते पुलिस भी इसे आत्महत्या का मामला मान रही थी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच करके साक्ष्य जुटाए। यही वजह रही कि जितेंद्र के भाई अजय ने आत्महत्या को उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मगर पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्ट्रेंगुलेशन (गला दबाना) सामने आने के बाद पूरी कहानी पलट गई। इस वजह से यह माना जा रहा है कि गला दबाकर जितेंद्र की हत्या के बाद शव को लटकाया गया है। पुलिस ज्योति और उसके मायके वालों को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

क्या बोले एसएसपी

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्ट्रेंगुलेशन बताया गया है। मुकदमे की धाराएं तरमीम की जा रही हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।