डीएम ने खुद की अपनी स्वगणना
Amroha News - अमरोहा के डीएम नितिन गौड़ ने स्वगणना प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया। यह प्रक्रिया 7 से 21 मई तक चलेगी। नागरिक se.census.gov.in पर पंजीकरण करके परिवार के विवरण भर सकते हैं। सही और प्रमाणिक जानकारी देने की अपील की गई है। जनगणना अधिकारियों द्वारा 22 मई से आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।

अमरोहा। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं डीएम नितिन गौड़ ने गुरुवार को स्वयं se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी स्वगणना की। इसके साथ ही उन्होंने सभी जनपदवासियों से भी भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत संचालित स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। डीएम ने बताया कि जिले में स्वगणना की सुविधा सात से 21 मई तक रहेगी। नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करें। परिवार के मुखिया का नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद ओटीपी सत्यापन होगा। इसके बाद हिन्दी, अंग्रेजी या अन्य उपलब्ध भाषाओं में पता, परिवार के सदस्यों की जानकारी, शिक्षा, व्यवसाय आदि विवरण भर सकते हैं।
प्रक्रिया पूर्ण होने पर एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। बताया कि जब जनगणना अधिकारी या प्रगणक घर आएंगे, तो नागरिकों को केवल यह आईडी दिखानी होगी। इससे दोबारा जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पोर्टल पर समस्याओं के समाधान की भी सुविधा उपलब्ध है। डीएम ने जनपदवासियों से अपील कर कहा कि सही, पूर्ण और प्रमाणिक जानकारी दर्ज करें। आपका एक क्लिक राष्ट्र के विकास की नींव मजबूत करेगा। स्वगणना से प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर बेहतर योजनाएं बनाई जा सकेंगी। डीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वह स्वयं स्वगणना करें और अपने क्षेत्र में जागरूकता फैलाएं। डिजिटल जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक आपके घर जाकर जनगणना संबंधी आंकड़े एकत्र करेंगे। यह पहली बार है जब स्वगणना का प्रावधान किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन