भीषण सर्दी के बीच डीएम ने की घोषणा, यूपी के 16 जिलों में स्कूलों की छुट्टी, इस तारीख को खुलेंगे स्कूल
यूपी के 16 जिलों के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। अलग-अलग जिलों के डीएम ने ये आदेश जारी किए हैं। डीएम के आदेश के मुताबिक सभी बोर्डों और मान्यता प्राप्त स्कूलों को 20 दिसंबर को बंद रखा जाएगा।

यूपी में भीषण सर्दी को देखते हुए यूपी के 16 जिलों के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। अलग-अलग जिलों के डीएम ने ये आदेश जारी किए हैं। डीएम के आदेश के मुताबिक सभी बोर्डों और मान्यता प्राप्त स्कूलों को 20 दिसंबर को बंद रखा जाएगा। 21 दिसंबर को रविवार होने के कारण स्कूल बंद रहेंगे। अब सीधे 22 दिसंबर को स्कूल खुलेंगे। हालांकि अलग-अलग जिलों में अलग-अलग तरीके से छुट्टियों की घोषणा की गई है। कुछ जिलों में आठवीं तो कहीं 12वीं तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। कुछ जिलों में स्कूलों का समय बदला गया है। डीएम के आदेश के मुताबिक 16 जिले बरेली, कानपुर, कानपुर देहात, जौनपुर, औरैया, उरई, हरदोई, रामपुर, संभल, बदायूं, कासगंज, गोंडा, पीलीभीत, अंबेडकरनगर, शाहजहांपुर के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है।
सात जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद
प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए सात जिलों के डीएम ने 12वीं तक के स्कूलों को 20 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। डीएम के आदेश को बीएसए ने सभी स्कूलों को भेज दिया है। संभल, कानपुर, कानपुर देहात, उरई, हरदोई, औरैया और अंबेडकरनगर के डीएम ने शनिवार को 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखा जाएगा। अब ये स्कूल 22 दिसंबर यानी सोमवार को खुलेंगे।
नौ जिलों में आठवीं तक के स्कूलों की छुट्टी
आठ जिलों के डीएम ने आठवीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इनमें रामपुर, बरेली, गोंडा, हाथरस, शाहजहांपुर, पीलीभीत, जौनपुर, कासगंज और बदायूं शामिल हैं, जहां आठवीं तक के स्कूल 20 दिसंबर को बंद रहेंगे। इसके अलावा कई स्कूलों में समय बदला गया है। आगरा में शीतलहर को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है। वहीं, प्रयागराज में अन्य जिलों की तुलना में थोड़ी राहत रही। शुक्रवार को धूप निकलने से अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री तक पहुंचा, हालांकि शनिवार को फिर से घना कोहरा छाने का अनुमान है।
बर्फीली हवाओं से कांपा कानपुर
कुछ समय छोड़ कानपुर दिन भर कोहरे व धुंध की चपेट में रहा। वैसे रात के कोहरे के प्रकोप में मामूली कमी आई। फिर भी कई स्थानों पर यह 0-20 मीटर और सामान्य शहर में 100 मीटर के करीब रहा। कानपुर में अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री से बढ़कर 17.5 डिग्री सेल्सियस हो गया जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक है। इसके विपरीत रात का तापमान 10.6 से घटकर 9.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से कम है। न्यूनतम तापमान में अभी अगले 24 घंटों में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं दिख रही है।
इन जिलों के लिए घने कोहरे का रेड अलर्ट
कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं आसपास के इलाकों में।




साइन इन