योगी कैबिनेट विस्तार के बीच काशी दौरा छोड़ लखनऊ लौटे असीम अरुण; समाज कल्याण राज्यमंत्री हैं
योगी कैबिनेट विस्तार के बीच समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने काशी के अपने प्रस्तावित कार्यक्रम को अचानक निरस्त कर दिया है और वे लखनऊ लौट रहे हैं। जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज को होने जा रहा है। टीम योगी में छह नए चेहरे शामिल होंगे। इस बीच समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने वाराणसी के अपने प्रस्तावित कार्यक्रम को अचानक निरस्त कर दिया है और वे लखनऊ लौट रहे हैं। दरसअल आज असीम अरुण को रामनगर वृद्धाश्रम का निरीक्षण करना था और वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात करनी थी। इसके बाद बड़ागांव विकासखंड के श्रीबलदेव इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देना था। वाराणसी में वृद्धाश्रम और सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत करने के बजाय उनका अचानक लखनऊ लौट जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
काशी दौरा छोड़ लखनऊ लौटे असीम अरुण
असीम अरुण योगी सरकार में समाज कल्याण राज्यमंत्री हैं। बताया जा रहा है कि योगी कैबिनेट विस्तार में कई मंत्रियों का कद भी बढ़ सकता है। कईयों के प्रभार भी बदले जा सकते हैं। ऐसे में असीम अरुण का काशी दौरा छोड़ लखनऊ लौटना चर्चा का विषय बना हुआ है।
2022 में कन्नौज सदर की सीट से जीते थे
आपको बता दें असीम अरुण 1994 बैच के पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे हैं। और पुलिस सेवा में लगभग 28 वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। असीम ने कानपुर के पहले पुलिस कमिश्नर के रूप में भी काम किया। उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में प्रवेश किया और भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर कन्नौज सदर सीट से 2022 का विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। मार्च 2022 में उन्हें योगी सरकार में समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। वे 2004 में एनएसजी कमांडो प्रशिक्षण लेने वाले पहले आईपीएस अधिकारी बने थे।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की सुरक्षा टीम के हिस्सा रहे
इसके अलावा वे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सुरक्षा टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। योगी सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत असीम अरुण काफी सक्रिय माने जाते हैं। समाज कल्याण विभाग में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों में उन्होंने कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। प्रशासनिक अनुभव और सख्त कार्यशैली के कारण वे उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं।
योगी कैबिनेट में अभी 54 मंत्री
आपको बता दें योगी 2.0 की शपथ 25 मार्च 2022 को हुई थी। तब मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों सहित 52 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इनमें 18 कैबिनेट, 14 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार व 20 राज्यमंत्री थे। पहला विस्तार लोकसभा चुनाव से पहले पांच मार्च 2024 को हुआ था। इसमें चार कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली थी, जिनमें सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर, रालोद के अनिल कुमार, भाजपा के सुनील शर्मा और दारा सिंह चौहान थे। इस तरह मंत्रियों की संख्या बढ़कर 56 हो गई थी। जितिन प्रसाद, अनूप प्रधान के सांसद चुने जाने के बाद टीम योगी के सदस्यों की संख्या घटकर 54 रह गई थी।




साइन इन