भीषण गर्मी के बीच लखनऊ में बिजली संकट पर हाहाकार, बीजेपी के 3 MLA की ऊर्जा मंत्री से गुहार
भीषण गर्मी के बीच लखनऊ में बिजली संकट पर हाहाकार मचा है। बीजेपी के 3 MLA की ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से गुहार लगाई है। तीन विधायकों ने ऊर्जामंत्री को पत्र लिखा है।

Lucknow power cut: भीषण गर्मी के बीच लखनऊ में बिजली संकट पर हाहाकार मचा है। इस संकट को लेकर अब तक बीजेपी के तीन विधायकों ओपी श्रीवास्तव, डॉ. राजेश्वर सिंह और डॉ. नीरज बोरा ने ऊर्जा मंत्री से गुहार चुके हैं। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखकर राजधानी के पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
पत्र में कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली कटौती से आम नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से आग्रह किया कि राजधानी के प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित कर जल्द समाधान सुनिश्चित कराया जाए।
इससे पहले उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा और सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह भी बिजली संकट को लेकर ऊर्जा मंत्री को पत्र लिख चुके हैं। तीनों विधायकों की ओर से लगातार उठाई जा रही मांगों के बाद अब राजधानी लखनऊ की बिजली व्यवस्था को लेकर विभाग पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। विधायक ओपी श्रीवास्तव ने अपने पत्र में कहा कि लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर-25, इंदिरानगर, एचएएल, मुंशी पुलिया, विकास नगर, कल्याणपुर समेत कई इलाकों में बीते कई दिनों से गंभीर बिजली संकट बना हुआ है।
सैकड़ों लोग पहुंचे किया घेराव, बुलानी पड़ी पीएसी
इंदिरा नगर के सेक्टर 25 स्थित पॅावर हाउस से देर रात बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। इसकी शिकायत के लिए लोगों ने पॉवर हाउस पर फोन करना शुरू कर दिया। वहां फोन न उठने पर देर रात सैकड़ों लोग पहुंच गए और पॉवर हाउस का घेराव कर दिया। इसमें से कुछ लोग बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। बिजली कब आएगी, इसका जवाब देने के लिए वहां न तो अधिकारी और न ही कर्मचारी लोगों के सामने आए। इस पर लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी और उग्र होकर प्रदर्शन करने लगे। यह देख कर अधिकारियों ने गाजीपुर थाने पर फोन कर दिया। कुछ ही देर में थाने की पुलिस मय पीएसी पहुंच गई। लोगों को शांत कराया। सुबह तक इंदिरा नगर ए ब्लाक के कुछ हिस्से, बी ब्लाक के कुछ हिस्से, आम्रपाली और शिवाजी मार्केट प्रभावित रहा।
रात भर नहीं रही बिजली, पॉवर हाउस का घेराव-
ठाकुरगंज उपकेंद्र के राधाग्राम पॉवर हाउस की एबीसी केबल जल गई, जिसके कारण पॉवर हाउस से जुड़ी छह से अधिक कॉलोनी रात भर अंधेरे में रही। बिजली की आस लिए लोगों ने देर रात को पॉवर हाउस का घेराव भी किया, लेकिन समस्या हल न होने पर कई लोग तो रात भी वहां डटे रहे। सुबह छह बजे जाकर लाइट आई। इस पॉवर हाउस में सिर्फ एक ही लाइनमैन है। गुरुवार की रात 11 बजे कल्याण पुरी में एबीसी केबल जल गया। कुछ घंटे बाद उसे सही करने लाइनमैन पहुंचा तभी राधाग्राम कॉलोनी और फिर ठाकुरगंज के पास एबीसी केबल जल गई।
रात 12 बजे गई बिजली दोपहर बाद आई-
शकुंतला मिश्रा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े आवास विकास फीडर की एबीसी केबल गुरुवार की रात 12 बजे जल गई, जिसके कारण अर्जुन विहार, अशोक विहार, पारा, शुक्ला विहार और इसके आसपास की कॉलोनियों की बिजली गुल हो गई। कुछ घंटों तक बिजली न आने पर जब लोगों ने अधिकारियों को फोन किया तो मामूली फाल्ट की बात बताते हुए कुछ ही देर आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया। लेकिन, रात भर बिजली नहीं आई। तड़के लोग उपकेंद्र पर पहुंच गए और घेराव करने लगे तब बताया गया कि एबीसी केबल जलने से वह टूट कर गिर गई है, जिससे यह समस्या आई है। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार रात 12 बजे गई बिजली दोपहर बाद आई भी तो लो वोल्टेज के साथ।




साइन इन