पहले कहीं और दरी बिछाते थे, अब यहां तो..., अखिलेश यादव का ब्रजेश पाठक पर तीखा पलटवार
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के 'दरी बिछाने' वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है। अखिलेश ने पाठक का नाम लिए बिना उन्हें 'असंतुलित' बताया और कहा कि वह अपने दरी बिछाने के पुराने अनुभव की बात कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर तीखा हमला बोला है। कहा कि हार की हताशा, बिगाड़ती है भाषा। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना ब्रजेश पाठक का नाम लिए लिखा कि ये इनका दरी बिछाने का अनुभव बोल रहा है, पहले कहीं और बिछाते थे, जब वहां कोई पूछ नहीं रह गई तो आज जहां आए। वहां तो दरी बिछाने लायक भी नहीं रह गए। ब्रजेश पाठक ने एक चैनल से बातचीत को लेकर सपा पर मुस्लिमों को लेकर निशाना साधा था। कहा था कि अगर मुसलमान अपना नेता चुन लें और सपा जातिवादी राजनीति छोड़ दे तो सपा के लिए दरी बिछाने वाला कोई नहीं होगा। सपा दो टके की पार्टी रह जाएगी।
इसी को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि इनके कुवचनों पर हम क्रोध नहीं करेंगे, बल्कि सहानुभूति रखते हैं, क्योंकि आजकल ये अस्त-व्यस्त और असंतुलित चल रहे हैं। इनका मंत्रालय कौन सा है, इन्हें ये भी याद नहीं होगा तभी वो बीमार-सा पड़ा है और ये चला-चली की इस अंतिम बेला में अपने भ्रष्टाचार के बिखरे सिक्के बटोरने में ही लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा है कि शंकराचार्य और उनके बटुकों के घोर अपमान के बावजूद भी अपने स्वार्थवश ये बस राजनीतिक लाभ उठाने में ही लगे रहे। इनकी ‘बाटी-बैठक’ तक पर जो नोटिस आया तब भी इन्होंने उसको अपने नोटिस में नहीं लिया, बल्कि अपने समाज से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया। यही कारण है कि अब सनातन और अपने समाज, दोनों से इनका पूरी तरह बहिष्कार कर दिया गया है। पीडीए समाज के प्रति अपमानजनक भाषा कुछ ऐसे लोगों की पुरानी आदत है। पीडीए समाज इन्हें माफ नहीं करेगा। पीडीए समाज के खिलाफ दिए गए इस बयान से पीडीए समाज तो इनकी ‘राजनीतिक नाकाबंदी’ करेगा ही, इनका अपना वर्तमान दल भी, दल-बदल कर आये ऐसे व्यक्ति को बाहर का रास्ता दिखा देगा।
क्या-क्या कहा था ब्रजेश पाठक ने
प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर रविवार को करारा हमला करते हुए कहा है कि समाजवादी पार्टी गुंडो-माफिया द्वारा पोषित पार्टी है। अगर मुसलमान अपना नेता चुन लें और सपा जातिवादी राजनीति छोड़ दे तो सपा के लिए दरी बिछाने वाला कोई नहीं होगा। सपा दो टके की पार्टी रह जाएगी।
ब्रजेश पाठक ने एक न्यूज चैनल पर समाजवादी पार्टी को घेरते हुए मुस्लिमों की ओर इशारा करते हुए कहा है कि अब्दुल आखिर कब तक समाजवादी पार्टी के लिए दरी बिछाता रहेगा। अगर मुसलमान सपा का साथ छोड़ दें और अपना नेता खुद चुन लें तो सपा कहीं की नहीं रहेगी। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अल्पसंख्यकों के संबंध में कहा कि सपा आपका वोट लेकर आप पर बुलडोजर चलाने का काम करता है। सपा धर्म और जाति आधारित पार्टी है। इनका जनता से कोई लेना देना नहीं है। सपा का सबका विकास सबका साथ से कोई मतलब नहीं है।
अल्पसंख्यक चुने अपना नेतृत्व
उन्होंने अल्पसंख्यकों से अपील की कि वे अपना नेतृत्व संभाले तो सपा दो टके की पार्टी रह जाएगी। उन्होंने अल्पसंख्यकों से अपील की कि आप समाजवादी पार्टी से पूछिए कि क्या वे उनको नेतृत्व देंगे। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा कि क्या 6 फीसदी वाले 20 फीसदी के लोगों से दरी बिछवाएंगे। सवाल दें सपा वाले।




साइन इन