akhilesh yadav targets yogi government transport department 1671 drivers corruption scandal यूपी में 1671 ड्राइवर बिना बस चलाए उठा रहे वेतन, अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में 1671 ड्राइवर बिना बस चलाए उठा रहे वेतन, अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी परिवहन विभाग में 1671 ड्राइवरों द्वारा बिना बस चलाए वेतन लेने का बड़ा आरोप लगाया है। अखिलेश ने इसे भाजपा का 'महाभ्रष्टाचार' बताते हुए योगी सरकार पर तीखे हमले किए हैं।

Tue, 7 April 2026 09:58 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में 1671 ड्राइवर बिना बस चलाए उठा रहे वेतन, अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा

उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में एक चौंकाने वाले भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि विभाग के 1671 ड्राइवर बिना एक किलोमीटर बस चलाए हर महीने वेतन उठा रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की 'भ्रष्ट व्यवस्था' का हिस्सा बताते हुए योगी सरकार पर तीखे हमले किए हैं। उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री से कई सवाल भी पूछे हैं।

50% चालकों का 'शून्य किलोमीटर' रिकॉर्ड

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के जरिए विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए लिखा कि यूपी के परिवहन विभाग में 1671 ड्राइवर ऐसे हैं जो कागजों पर तो तैनात हैं, लेकिन वे बसें नहीं चला रहे हैं। इनमें से लगभग 50% चालक 'शून्य किलोमीटर' चले हैं, फिर भी उनका वेतन नियमित रूप से जारी हो रहा है। सपा प्रमुख ने इसे एक सुनियोजित 'गोरखधंधा' करार दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी पंचायत चुनाव विधानसभा के बाद होंगे, योगी के कैबिनेट मंत्री ने भी मान लिया

"बसों पर बुलडोजर मत चलवाइए, भ्रष्टाचार पर चलाइए"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'बुलडोजर' नीति पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "माननीय मुख्यमंत्री जी, इस खुलासे के बाद बसों पर बुलडोजर चलवाने का नाटक मत कीजिएगा। बुलडोजर चलवाना है तो मंत्री जी की महाभ्रष्ट करतूतों पर चलवाइए।" उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इस भ्रष्टाचार का एक बड़ा हिस्सा 'मुख्य-दान पेटी' तक पहुंचता है, इसीलिए दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती बल्कि उन पर 'दया-दृष्टि' बनी रहती है।

जनता बेहाल, अर्थव्यवस्था पर चोट

अखिलेश यादव ने गर्मियों की छुट्टियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ आम जनता आने-जाने के लिए बसों की कमी से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ भाजपाई परिवहन विभाग को दीमक की तरह चाट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यातायात बाधित होना सीधे तौर पर अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना है। उनके अनुसार, भाजपा 'ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी' की नहीं, बल्कि अपने 'ट्रिलियन डॉलर व्यवस्था' बनाने में जुटी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का चिराग की पार्टी का ऐलान, किसकी बढ़ेगी टेंशन
ये भी पढ़ें:पंचायत चुनाव से पहले गांव-गांव योगी सरकार का अभियान, ग्राम सचिवालयों में कैंप

"भाजपा जाए तो बस चल पाए"

सपा प्रमुख ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि भाजपा को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने जनता को सांत्वना देते हुए लिखा कि "बुरे दिन जाने वाले हैं" और नारा दिया— 'भाजपा जाए तो बस चल पाए'। हालांकि अखिलेश यादव के आरोपों पर अभी तक भाजपा की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। अखिलेश ने जो डाटा शेयर किया है वह कब का है और कितने दिनों से इतनी बड़ी तादाद में ड्राइवर बिना बस चलाए वेतन ले रहे हैं, इसकी पूरी जानकारी अभी नहीं है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।