लखनऊ में एक मंच पर अखिलेश-अजय राय और दिनेश शर्मा; ईद की मुबारकबाद, एकता का संदेश दिया
लखनऊ में ईद पर एक मंच पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और बीजेपी के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा एक मंच पर नजर आए। सभी नेताओं ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रदेशवासियों को एकता का संदेश दिया

राजधानी लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज बड़े ही अकीदत और शांति के साथ अदा की गई। सुबह से ही हजारों की संख्या में नमाजी ईदगाह पहुंचने लगे थे। नमाज के बाद सभी ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और विश्व शांति की दुआ की। नमाज से पहले इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने लोगों से अपील की कि वे सड़कों पर नमाज अदा न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार भाईचारे, मोहब्बत और अनुशासन का संदेश देता है, इसलिए सभी को इसे जिम्मेदारी के साथ मनाना चाहिए।
एक मंच पर अखिलेश यादव-दिनेश शर्मा और अजय राय
इस मौके पर सियासी एकता की भी खास तस्वीर देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और बीजेपी के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा एक मंच पर नजर आए। सभी नेताओं ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रदेशवासियों को एकता का संदेश दिया।इस दौरान हाल ही में कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी मौजूद रहे।
ईद-नवरात्र मिलकर मनाना ही हमारी संस्कृति- नसीमुद्दीन
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि देश की ताकत उसकी विविधता और एकता में है। दिनेश शर्मा ने कहा कि लखनऊ हमेशा से भाईचारे का संदेश देता आया है और देश को इसी राह पर आगे बढ़ना चाहिए। अजय राय ने कहा कि लोग एक-दूसरे को गले लगाकर खुशियां बांटें और दुनिया में चल रहे युद्ध जैसे हालात समाप्त हों। वहीं नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि होली, रमजान, नवरात्र और ईद जैसे पर्व मिलजुलकर मनाना हमारी संस्कृति की पहचान है।
लखनऊ की गलियों में दिखी रौनक
ईद के मौके पर शहर की गलियां भी रौनक से भर गईं। चौक, अमीनाबाद, हजरतगंज और कैसरबाग जैसे बाजारों में चांद रात से ही खरीदारी का माहौल रहा। लोग नए कपड़े, सेवइयां, शीर खुरमा और अन्य पकवानों की तैयारी में जुटे नजर आए। बच्चों में ईदी को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे। ऐशबाग ईदगाह समेत प्रमुख मस्जिदों के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया, ताकि नमाजियों को किसी तरह की परेशानी न हो। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे। लखनऊ में ईद का यह पर्व एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता की मिसाल बनकर सामने आया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को टीले वाली मस्जिद, इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद, ऐशबाग ईदगाह, संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इन प्रमुख नमाज स्थलों को जाने वाले मार्गों और आसपास सीसी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। अर्धसैनिक बल समेत दो हजार से अधिक पुलिस कर्मी सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।




साइन इन