Akhilesh said if dishonesty like Bihar Bengal happens in UP too then there will be no elections in future यूपी में भी बिहार-बंगाल जैसी बेईमानी हुई तो भविष्य में कभी नहीं होंगे चुनाव; अखिलेश यादव का बड़ा दावा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में भी बिहार-बंगाल जैसी बेईमानी हुई तो भविष्य में कभी नहीं होंगे चुनाव; अखिलेश यादव का बड़ा दावा

अखिलेश यादव ने भाजपा पर बिहार व पश्चिम बंगाल के चुनावों में बेईमानी का आरोप लगाया है। साथ ही दावा किया कि यदि ऐसी ही स्थिति यूपी में भी हुई तो भविष्य में चुनाव होना मुश्किल हो जाएगा। भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को नहीं मानती है।

Sat, 13 June 2026 07:38 AMPawan Kumar Sharma भाषा, लखनऊ
share
यूपी में भी बिहार-बंगाल जैसी बेईमानी हुई तो भविष्य में कभी नहीं होंगे चुनाव; अखिलेश यादव का बड़ा दावा

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर बिहार व पश्चिम बंगाल के चुनावों में बेईमानी का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि यदि ऐसी ही स्थिति उत्तर प्रदेश में भी हुई तो भविष्य में चुनाव होना मुश्किल हो जाएगा। दरअसल, कासगंज के सोरों गेट स्थित उर्मिला गार्डन के उद्घाटन के बाद आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा, 'बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनाव में जो बेईमानी हुई है, अगर वही लूट और बेईमानी उत्तर प्रदेश में भी हो गई तो उसके बाद भविष्य में कभी चुनाव नहीं होंगे।'

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है और लोकसभा की संरचना अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप करना चाहती है। वे ऐसी लोकसभा चाहते हैं, जिसमें विपक्ष के नेता जीतकर न आ सकें। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर वोट काटने की तैयारी की थी, लेकिन अब विपक्ष पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करने का आह्वान किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी सरकार से दुखी होकर PDA का हिस्सा बन गए शंकराचार्य; एटा में अखिलेश का दावा

सपा चीफ ने कहा कि पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों की जांच से भाजपा की वास्तविकता सामने आ जाएगी। भाजपा ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्गों के अधिकारों का हनन किया है तथा आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किया है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

भाजपा संविधान को नहीं मानती है

अखिलेश ने कहा, 'पश्चिम बंगाल के चुनाव में खुली बेईमानी हुई है। भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को नहीं मानती। यदि उसकी चली तो देश में चुनाव ही नहीं होंगे।' उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में एटा में बड़ा बिजली संयंत्र स्थापित किया गया और क्षेत्र में सड़क निर्माण सहित कई विकास कार्य हुए। इसके विपरीत भाजपा शासन में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा है तथा किसान परेशान हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अखिलेश यादव की बेटी भी..., NCW अध्यक्ष बोलीं- शिकायत मिली तो लेंगे संज्ञान

भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम कहते हैं कि 2017 से पहले इस क्षेत्र की कोई पहचान नहीं थी, जबकि उनकी खुद की पहचान भी 2017 से पहले नहीं थी। प्रदेश के विकास के लिए हमेशा समाजवादियों ने काम किया है। समाजवादी सरकार द्वारा शुरू की गई 108 एंबुलेंस सेवा और महिलाओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा भाजपा शासन में बदहाल हो गई हैं। सरकारी अस्पतालों में न पर्याप्त इलाज मिल रहा है, न डॉक्टर उपलब्ध हैं और न ही दवाएं।

भाजपा सरकार में मिल रहा मिलावटी पेट्रोल

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में मिलावटी पेट्रोल बेचा जा रहा है। विशेषज्ञों की राय एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के पक्ष में नहीं है। उन्होंने महंगाई के लिए भाजपा सरकार की आर्थिक और विदेश नीति को भी जिम्मेदार ठहराया। भाजपा सरकार के दौरान प्राथमिक विद्यालय बंद हो रहे हैं, जबकि शराब की दुकानों की संख्या बढ़ रही है। यह कैसी व्यवस्था है कि स्कूल बंद हो रहे हैं और शराब की दुकानें खुल रही हैं? भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं कर सकी और न ही किसानों को एमएसपी की गारंटी मिली।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अखिलेश के परिवार पर आपत्तिजनक पोस्ट पर पुलिस से मांगा जवाब, कोर्ट सख्त

किसान और युवाओं के साथ हुआ छल

अखिलेश ने कहा कि किसानों और युवाओं दोनों के साथ छल हुआ है। वहीं हाल के वर्षों में लगभग हर बड़ी प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। नीट विवाद से लाखों छात्र प्रभावित हुए और कुछ युवाओं ने निराशा में अपनी जान तक गंवा दी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।