औलिया रोड अब शिवाजी मार्ग..., यूपी के इस शहर में एक साथ 17 सड़कों के नाम बदले, क्यों फैसला
अंग्रेजों और मुगलकाल से जुड़े 17 सड़कों के नामों को बदल दिया गया है। अब ये सड़कें भारतीय वीर योद्धाओं, महापुरुषों और सेना के जवानों के नाम से जानी जाएंगी। औलिया रोड का नाम 'छत्रपति शिवाजी मार्ग' और टक्कर रोड का नाम 'शस्त्र मार्ग' रखा गया है।

UP News: यूपी के आगरा में टक्कर रोड अब शस्त्र मार्ग और औलिया रोड अब शिवाजी मार्ग के नाम से जाना जाएगा। छावनी क्षेत्र की कुल 17 सड़कों को अंग्रेजों और मुगलों के दिए नामों से मुक्त किया गया है। नाम परिवर्तन के प्रस्ताव पर मंगलवार को हुई कैंटोनमेंट बोर्ड की बैठक में मुहर लग गई। छावनी परिषद की ओर से मंगलवार को बोर्ड बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता ब्रिगेडियर रजत त्यागी ने की। बैठक में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और मनोनीत सदस्य राजेश गोयल ने भाग लिया। छावनी के विकास पर चर्चा की गई।
क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार हुआ। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक एजेंडों पर सहमति बनी और उन्हें पारित किया गया। सबसे अहम एजेंडा 17 सड़कों के नाम परिवर्तन का था। इन सड़कों के पुराने नाम अंग्रेजों और मुगलकाल से जुड़े थे। अब इनके नाम वीर योद्धाओं, महापुरुषों और सेना के जवानों के नाम पर रखे गए हैं।
छावनी के वाहनों का बढ़ेगा बेड़ा
बैठक में कार्य प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कई प्रस्ताव रखे गए। इनमें छावनी परिषद के उपयोग के लिए नए वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी शामिल था। इस पर मंजूरी मिल गई है। अब एक मल्टी पर्पज वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ई-रिक्शा खरीदे जाएंगे। इससे छावनी में वाहनों का बेड़ा बढ़ेगा।
एक करोड़ से होंगे विकास कार्य
बैठक में मूलभूत सुविधाओं पर जोर दिया गया। शुद्ध पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई पर चर्चा हुई। जर्जर शौचालयों को ध्वस्त कर नए निर्माण कराए जाएंगे। क्षेत्र के नाले-नालियों में सुधार होगा। वाटर हार्वेस्टिंग पर भी जोर दिया जाएगा। ये सभी कार्य करीब एक करोड़ रुपये की लागत से होंगे। एजेंडा पास हो गया है।
सीईओ दीपक मोहन के अनुसार छावनी के समग्र विकास की योजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। बैठक में करीब 15 एजेंडे रखे गए थे। इनमें से जनहित और विकास से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी मिली। सड़कों के नाम परिवर्तन, वाहन खरीद, जर्जर शौचालयों का ध्वस्तीकरण, नाले-नालियों का निर्माण और वाटर हार्वेस्टिंग प्रमुख हैं।
इन नामों से जानी जाएंगी सड़कें
पहले - अब
टक्कर रोड - शस्त्र मार्ग
स्कॉट रोड - मेजर सुधीर वालिया रोड
ओक्टोरलोनी रोड - ग्रैंड परेड रोड
चमरपुरा रोड - डॉ. भीमराव आंबेडकर रोड
चुमरपुरा मोहल्ला - नई बस्ती
मेटकाल्फ रोड - फील्ड मार्शल करिअप्पा रोड
मुनरॉय रोड - नरसिम्हा मार्ग
डस्टरविल रोड - महावीर वाल्मीकि मार्ग
औलिया रोड - छत्रपति शिवाजी मार्ग
हेस्टिंग रोड - अर्जुन मार्ग
ड्रमंड रोड - सूर्य पथ
मैन्सफिल रोड - गोपीचंद शिवहरे रोड
सिविल रोड - मेजर ए.के. कनल रोड
विटवर्थ रोड - कर्ण रोड
आर्मस्ट्रोंग स्ट्रीट - न्याय मार्ग
लॉरेंस रोड - शौर्य पथ
बूचरी रोड - ब्रिगेडियर पी.के. घोष मार्ग




साइन इन