After vidai groom car collided with a bull and overturned विदाई के बाद दर्दनाक हादसा, सांड से टकराकर कार पलटी, दूल्हा-दुल्हन समेत पांच घायल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

विदाई के बाद दर्दनाक हादसा, सांड से टकराकर कार पलटी, दूल्हा-दुल्हन समेत पांच घायल

अमरोहा में सोमवार सुबह सांड की टक्कर के बाद पेड़ से टकराकर दूल्हा-दुल्हन की कार खंदक में पलट गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। अलग-अलग अस्पतालों में घायलों का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद घंटों तक अफरातफरी मची रही।

Tue, 21 April 2026 06:55 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, अमरोहा
share
विदाई के बाद दर्दनाक हादसा, सांड से टकराकर कार पलटी, दूल्हा-दुल्हन समेत पांच घायल

यूपी के अमरोहा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां अलीगढ़ मार्ग पर सोमवार सुबह सांड की टक्कर के बाद पेड़ से टकराकर दूल्हा-दुल्हन की कार खंदक में पलट गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। अलग-अलग अस्पतालों में घायलों का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद घंटों तक अफरातफरी मची रही।

बताया जा रहा है कि रहरा थाना क्षेत्र के गांव पौरारा निवासी सफाईकर्मी नरेश वाल्मीकि की बेटी स्वाति की बारात रविवार रात संभल जिले के हयात नगर थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर से आई थी। सोमवार सुबह दूल्हा विशाल, दुल्हन स्वाति को विदा कराने के बाद वैगनआर कार से घर लौट रहा था। कार में दूल्हे विशाल के दिल्ली के कुसुमपुर पहाड़ी वसंत विहार निवासी फूफा विजेंद्र व उनका बेटा कुणाल भी सवार थे। दूल्हे का चाचा तेजपाल कार चला रहा था। पुलिस के मुताबिक करीब साढ़े नौ बजे कार जैसे ही रहरा से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंची कि अलीगढ़ मार्ग पर अचानक सांड आ गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:घर में मेहमान और बिजली गुल, स्मार्ट मीटर से परेशान दूल्हा पहुंचा कलक्ट्रेट

सांड से टकराने के बाद कार पेड़ से टकराकर खंदक में पलट गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार सवार दूल्हा-दुल्हन समेत सभी पांचों लोग बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर जुटे राहगीरों व पुलिस ने हादसे के बाद मची अफरातफरी के बीच घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि दूल्हे का उपचार रहरा के निजी अस्पताल में चल रहा है। जबकि दुल्हन स्वाति हसनपुर के अस्पताल में भर्ती है। विजेंद्र, कुणाल व तेजपाल संभल के अस्पताल में भर्ती है। पांचों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष अखिलेश प्रधान ने बताया कि हादसे के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बारात लाए तो जिंदा नहीं बचोगे; धमकी से दारोगा ने ठुकराई शादी, प्रेमी बना दूल्हा

हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार

रहरा। हादसे की सूचना मिलते ही दुल्हन व दुल्हन के परिवारों समेत रिश्तेदारों में अफरातफरी मच गई। परिजन मौके पर पहुंच गए। इससे पूर्व ही घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा चुका था। प्रत्यक्षदर्शी रोबिन कुमार ने बताया कि सांड की टक्कर के बाद कार पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर खंदक में पलट गई। कार सवार लोगों में चींख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसा रहरा के नजदीक हुआ, जिसके चलते स्थानीय लोग व राहगीरों के संग पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पतालों में भर्ती करा दिया, जिससे समय पर उपचार मिल गया। उधर, बारात में शामिल लोग भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। हर ओर अफरा तफरी मची रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पुलिस के सामने ही आपस में भिड़ गईं समूह की महिलाएं, संगठन की कोषाध्यक्ष का फोड़ा
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।