पिता से कैसे नजर मिला पाऊंगा; 14 लाख शेयर में गंवाने के बाद युवक ने दोस्त के घर जाकर दी जान
कानपुर में शेयर मार्केट में 14 लाख रुपये गंवाने के बाद स्क्रैप कारोबारी ने पनकी में रहने वाले दोस्त के घर जाकर आत्महत्या कर ली। कारोबारी के पिता ने उन्हें जमीन खरीदने के लिए खेत बेचकर रुपये दिए थे।

बॉलीवुड फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ आपने देखी ही होगी। फिल्म में विक्टर (जिमी शेरगिल) के पिता डिसूजा घर खरीदने के लिए पैसे जोड़ते हैं, लेकिन विक्टर वह रकम शेयर बाजार में गंवा देता है। हालात ऐसे बनते हैं कि वह आत्महत्या करने का मन बना लेता है, लेकिन वक्त पर मुन्ना भाई (संजय दत्त) उसकी मदद कर उसे संभाल लेते हैं। हालांकि, रियल लाइफ में हर बार ऐसा नहीं हो पाता।
दरअसल, कानपुर से ऐसी ही एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शेयर बाजार में 14 लाख रुपये गंवाने के बाद मानसिक तनाव में चल रहे एक स्क्रैप कारोबारी ने दोस्त के घर जाकर आत्महत्या कर ली। कारोबारी के पिता ने जमीन खरीदने के लिए खेत बेचकर उसे 14 लाख रुपये दिए थे, जिन्हें उसने शेयर बाजार में निवेश किया था। घटना के समय कारोबारी का दोस्त ड्यूटी पर गया हुआ था। जब वह लौटा तो इस दुखद घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें कारोबारी ने शेयर बाजार में रुपये हारने के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी है।
पिता ने बेचकर दिए थे पैसे
मूलरूप से बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र के ओरध के रहने वाले भरत लाल किसान हैं। उनका बड़ा बेटा 36 वर्षीय संजय कुमार त्रिपाठी दो साल से किदवई नगर के ब्लॉक में परिवार के साथ किराये पर रह रहा था। साथ ही स्क्रैप का कारोबार कर रहे थे। परिवार में पत्नी लक्ष्मी व बेटा राघव है। छोटे भाई राहुल ने बताया कि संजय शेयर मार्केट में निवेश करते थे। कुछ दिन पहले पिता ने गांव में कुछ जमीन बेची थी। जिसके 12 लाख रुपये भाई और पिता के संयुक्त बैंक खाते में थे। इस बीच भाई ने पिता से बिना पूछा वह रुपये भी शेयर मार्केट में गंवा दिए। जिसके बाद से भाई मानसिक तनाव में रहने लगे।
दोस्त के घर जाकर की खुदकुशी
शुक्रवार दोपहर भाई पनकी यार्ड में रहने वाले अपने मित्र धर्मेंद्र से मिलने गए थे। जहां उन्होंने दोस्त के साथ खाना खाया और वहीं सो गए। इस बीच उनके दोस्त अपनी ड्यूटी करने चले गए। जब वह वापस लौटे तो कमरे में भाई का शव लटकता मिला। तत्काल उन्होंने पुलिस और परिजन को सूचना दी। पुलिस को जांच में उनके पास से एक सुसाइड नोट मिला। पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया, कारोबारी ने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। मौके से मिले सुसाइड नोट के अनुसार शेयर मार्केट में रुपये गंवाने के कारण कारोबारी ने यह कदम उठाया है।
पिता से कैसे नजर मिला पाऊंगा
संजय कुमार त्रिपाठी के पास से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है, ‘मुझे शहर में मकान दिलवाने के लिए पिता ने गांव में खेत बेच दिया। मगर मैंने जमीन खरीदने के बजाय रकम शेयर मार्केट में गंवा दी। अगर पिता जी मुझसे रकम के बारे में पूछेंगे तो मैं उन्हें क्या जवाब दूंगा। अब मैं उनसे कैसे नजर मिलाऊंगा। इसलिए मैं यह कदम उठा रहा हूं। इसका मैं स्वयं जिम्मेदार हूं। मेरे परिवार व अन्य किसी की इसमें कोई जिम्मेदारी नहीं है। मेरे परिवार के किसी भी सदस्य को परेशान नहीं किया जाए। उन्होंने मेरा हर कदम पर साथ दिया है।'




साइन इन