दो साल की मासूम से रेप का आरोपी कस्टडी से फरार, DNA टेस्ट के लिए अस्पताल ले गई थी पुलिस
जलालुद्दीन को मानिकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर दो साल की बच्ची के साथ रेप करने का आरोप लगा था। मानिकपुर पुलिस आरोपी जलालुद्दीन को मंगलवार को एसआरएन अस्पताल डीएनए टेस्ट और मेडिकल जांच के लिए लेकर आई थी। इसी बीच पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

UP News: दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोपी मंगलवार की शाम पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। उसे प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाने की पुलिस मेडिकल जांच के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल लेकर आई थी, जहां से वह भाग निकला। आरोपी के फरार होने की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। देर रात तक शहर के रेलवे स्टेशन, बस अड्डा समेत अन्य जगहों पर तलाश जारी रही। उधर, लापरवाही के आरोप में प्रतापगढ़ एसपी ने दो सिपाही मदन शर्मा और अनुज कुमार को निलंबित कर दिया।
प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी जलालुद्दीन को मानिकपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर दो साल की बच्ची के साथ बीते रविवार को दुष्कर्म का आरोप लगा था। मानिकपुर पुलिस की टीम आरोपी जलालुद्दीन को मंगलवार को एसआरएन अस्पताल डीएनए टेस्ट और मेडिकल जांच के लिए लेकर आई थी। इसी बीच पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इसकी जानकारी होते ही प्रयागराज की पुलिस भी सक्रिय हो गई। कोतवाली थाना समेत आसपास के थानों की पुलिस संभावित जगहों पर देर रात तक सर्च करती रही, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि एसआरएन से पुलिस अभिरक्षा से दुष्कर्म के आरोपी के फरार होने की सूचना मिली है। उसकी तलाश की जा रही है।
बच्ची के पिता का दोस्त था आरोपी जलालुद्दीन
प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोपी बच्ची के पिता का दोस्त था। दुष्कर्म के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उसे मेडिकल के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया था जहां से वह फरार हो गया।
कुंडा कोतवाली के रहवई निवासी जलालुद्दीन लोहे के दरवाजे और खिड़की बनाता है। रविवार शाम वह मानिकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने दोस्त के घर गया था। दोस्त की पत्नी अपने एक बच्चे की दवा के लिए गई थी। जलालुद्दीन दोस्त के साथ घर में बैठा। बताते हैं कि दोनों ने शराब पी। इस दौरान दोस्त घर के बाहर चला गया। जलालुद्दीन ने घर में मौजूद दोस्त की दो साल की बेटी से दुष्कर्म किया और भाग निकला। दोस्त लौटा तो बच्ची को असामान्य हालत में देखा। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस आई और बच्ची को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज कर आरोपी जलालुद्दीन को सीएचसी कालाकांकर के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है।




साइन इन