पेपर लीक के जिम्मेदार इस्तीफा दें; संविधान की किताब लेकर पहुंचे CJP चीफ अभिजीत दीपके, लखनऊ में प्रोटेस्ट
पेपर लीक के खिलाफ लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित प्रदर्शन में कॉकरोच पार्टी के नेता अभिजीत दीपके संविधान की किताब लेकर पहुंचे। करीब 25 मिनट रुकने के बाद उन्होंने कहा कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए और युवाओं को न्याय मिलना चाहिए।

पेपर लीक के खिलाफ लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित CJP के प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके संविधान की किताब लेकर पहुंचे। करीब 25 मिनट रुकने के बाद उन्होंने कहा कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए और युवाओं को न्याय मिलना चाहिए। सीजेपी को प्रोटेस्ट के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक की परमिशन दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभिजीत दीपके गुरुवार देर रात इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-338 से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। उनका विमान रात करीब 2:40 बजे लखनऊ पहुंचा। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों और मुद्दों को सरकार तथा प्रशासन के सामने रखना है। हम दिल्ली और पुणे की तरह ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। हम कहीं से कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं। बस लोकतंत्र में अपनी बात रख रहे हैं, जो हमारा संवैधानिक अधिकार है।
दिल्ली-पुणे जैसा लखनऊ में प्रदर्शन
दीपके ने कहा कि 6 जून को दिल्ली के जंतर मंतर पर और 12 जून को पुणे में हमने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा। वहीं आज सुबह से ही इको गार्डन में युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया है। साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात है। लाठियां, बुलेट प्रूफ जैकेट और हेल्मेट के साथ जवान मुस्तैद हैं। इको गार्डन में सुबह पहुंचे युवकों ने वीडियो जारी किए। जिसमें कहा गया कि यहां आप लोग आएं और किसी भी तरह से किसी सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। कोई भी अपना राजनीतिक एजेंडा न सेट करे। यहां जिस मुद्दे के लिए इकट्ठा हो रहे हैं, केवल उसी की बात होगी।
पेपर लीक को लेकर सीजेपी का प्रदर्शन
कॉकरोच पार्टी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नीट, सीयूईटी, एसएससी, लेखपाल भर्ती सहित विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक और मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि बार-बार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और वर्षों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। इको गार्डन में जुटे युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

3 हजार से ज्यादा छात्र प्रदर्शन में पहुंचे
प्रदर्शन स्थल पर विभिन्न समूहों में पहुंचे छात्र सरकार विरोधी नारे लगाते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में करीब तीन हजार छात्रों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से इको गार्डन और आसपास के क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के आयोजक और कॉकरोच पार्टी के नेता अभिजीत दीपके के पहुंचने से पहले ही प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया।

अभिजीत दीपके ने बनाई कॉकरोच जनता पार्टी
आपको बता दें कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत एक न्यायिक टिप्पणी के बाद हुई, जिसने सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा को जन्म दिया। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश रहे सूर्यकांत ने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या आरटीआई कार्यकर्ता बनकर व्यवस्था पर हमला करते हैं। इस टिप्पणी के अगले दिन, 16 मई को अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की और सोशल मीडिया पर इसके आधिकारिक अकाउंट बनाए। इसके बाद पार्टी ने ऑनलाइन अभियान शुरू किए और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का दावा किया।
सोशल मीडिया पर छाई कॉकरोच जनता पार्टी
22 मई को CJP ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की। पार्टी का दावा है कि इस याचिका को 8 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिला।सोशल मीडिया पर भी CJP की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। पार्टी के अनुसार, गठन के महज 26 दिनों में उसके इंस्टाग्राम पर 2.27 करोड़ फॉलोअर्स हो गए, जबकि एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर 2.75 लाख फॉलोअर्स जुड़े हैं।




साइन इन